दोस्त से रिलेशनशिप नहीं बनाने पर सहेलियों ने छात्रा को बेरहमी से पीटा : वीडियो कॉल पर मंगवाई माफी, CCTV/वीडियो वायरल होने पर केस दर्ज, लड़कियों पर होगी कार्रवाई
MP CG Times / Sun, Sep 13, 2026
मध्य प्रदेश के सतना जिले से दोस्तों की बेवफाई और हैवानियत का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक कॉलेज छात्रा को उसके ही साथ पढ़ने वाली सहेलियों ने महज इसलिए बेरहमी से पीटा, क्योंकि उसने उनके एक पुरुष मित्र (छात्र) के साथ रिलेशनशिप में आने से इंकार कर दिया था।
आरोपी युवतियों ने छात्रा को बहाने से स्कूटर पर बैठाया और 'नगर वन' के पास एक सुनसान जगह ले जाकर लात-घूंसों और डंडों से हमला कर दिया। इतना ही नहीं, मारपीट के दौरान आरोपी युवतियों ने पीड़िता से वीडियो कॉल कराकर उस छात्र से जबरन माफी भी मंगवाई। 38 दिन बाद घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कोलगवां थाना पुलिस ने शनिवार (12 सितंबर) की रात केस दर्ज कर लिया है।

बाजार के बहाने ले गई, सुनसान जगह पहले से मौजूद थीं नकाबपोश सहेलियां
पीड़िता ने बताया कि एक छात्र उसे काफी दिनों से वॉट्सऐप पर परेशान कर रहा था। जब उसने छात्र को फटकारा, तो उसकी पड़ोस और कॉलेज में साथ पढ़ने वाली सहेली उस पर उस छात्र से दोस्ती करने का दबाव बनाने लगी।
इंकार करने पर आरोपी सहेली 6 अगस्त को उसे बाजार चलने के बहाने अपने स्कूटर पर बैठाकर ले गई। फिर रिश्तेदार के यहां जाने का झांसा देकर उसे नगर वन के पास सुनसान जगह ले गई।
वहां उसकी तीन अन्य सहेलियां चेहरे ढंककर पहले से तैयार थीं। चारों ने मिलकर उसे बुरी तरह पीटा और गाली-गलौज की। मारपीट के दौरान पीड़िता से वीडियो कॉल पर उस छात्र से माफी मंगवाई गई। जब डर के मारे पीड़िता ने संबंध बनाने के लिए हां कर दिया, तब उसे सेमरिया चौराहे पर लाकर छोड़ा गया।

38 दिन तक क्यों चुप रही पीड़िता?
घटना के बाद पीड़िता बेहद सहमी हुई थी। उसकी मां गंभीर रूप से बीमार हैं और पिता इलाज के सिलसिले में शहर से बाहर थे। पीड़िता खुद रिश्तेदार के यहां रहकर पढ़ाई कर रही है, इसलिए उसने डर और परिजनों की हालत देखकर किसी को कुछ नहीं बताया।
हालांकि, जब आरोपियों द्वारा बनाया गया मारपीट का वीडियो एक स्थानीय रिश्तेदार के पास पहुंचा और उसने पूछताछ की, तब जाकर पूरी सच्चाई सामने आई। इसके बाद 11 सितंबर को परिजन पीड़िता को लेकर थाने पहुंचे।

पुलिस का बयान- केस दर्ज, वायरल वीडियो की हो रही जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोलगवां थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की है।
कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी ने बताया कि,
"मामला पुलिस के संज्ञान में आते ही 12 सितंबर को आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो का भी फोरेंसिक/तकनीकी परीक्षण कराया जा रहा है। मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।"
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन