Ajit Pawar
Ajit Pawar Flight Cabin Crew Pinky Mali : केबिन क्रू पिंकी का पिता को आखिरी कॉल; पापा Ajit Pawar के साथ फ्लाइट है, आपसे बात कराऊंगी
Wed, Jan 28, 2026
“पापा, आज अजित पवार के साथ फ्लाइट है… आपसे बात कराऊंगी।” यूपी की पिंकी माली ने मंगलवार को अपने पिता शिव कुमार से यह कहा था। पिता को नहीं पता था कि बेटी की यह बात उनसे आखिरी बातचीत होगी। अगले ही दिन बुधवार को महाराष्ट्र के डिप्टी मुख्यमंत्री अजित पवार के साथ हुए प्लेन क्रैश में पिंकी की भी मौत हो गई।
पिंकी माली उस चार्टर्ड विमान में केबिन क्रू थीं, जो बारामती में लैंडिंग के दौरान क्रैश हो गया। हादसे में विमान में सवार सभी 5 लोगों की जान चली गई। पिंकी के पिता शिव कुमार ने बताया,
मैंने बेटी से एक दिन पहले आखिरी बार बात की थी। वह उस वक्त बहुत खुश थी। मुझे क्या पता था कि यही हमारी आखिरी बातचीत होगी।
पिंकी माली मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जौनपुर की रहने वाली थीं। उनके पिता शिव कुमार माली मुंबई में टैक्सी चलाते हैं और शिवसेना से भी जुड़े हुए हैं। बेटी की मौत की खबर के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पिंकी माली की शादी यूपी के बस्ती जिले में हुई थी। हालांकि, पूरा परिवार मुंबई में रहता है।
पिंकी ने सुबह भाई से की थी फोन पर बात
जौनपुर में पिंकी का घर जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर, केराकत तहसील के भैंसा गांव में है। पिंकी के भाई करन ने बताया कि सुबह फोन पर पिंकी ने कहा था कि वह बारामती से नांदेड़ जा रही है। इसके बाद उसका कोई मैसेज या कॉल नहीं आया।
गांव के रहने वाले अशोक सिंह ने बताया कि पिंकी के पिता का गांव से गहरा जुड़ाव था। वे हर साल गांव में दुर्गा पूजा कराते थे और दो महीने पहले भी गांव आए थे। पिंकी के परिवार में एक भाई करन और एक बहन प्रीति हैं। 29 साल की पिंकी मुंबई में वरली के सेंचुरी क्वार्टर इलाके में रहती थीं।
मां फूट-फूटकर रोईं, कहा- मन घबरा रहा था
बेटी की मौत की खबर सुनते ही मुंबई में रह रही पिंकी की मां माया माली बिलख पड़ीं। उन्होंने कहा कि उस दिन उनका मन बहुत घबरा रहा था। उन्हें अंदर से लग रहा था कि कुछ ठीक नहीं है, लेकिन आसपास के लोग उन्हें कुछ साफ-साफ बता नहीं रहे थे। यह बेचैनी लगातार बढ़ती जा रही थी।
माया माली ने बताया कि पिंकी रोज सुबह उन्हें फोन करती थी। वह हमेशा कहती थी, “मम्मी, नाश्ता कर लो, दवा खा लो।” उस दिन न तो पिंकी का कोई फोन आया और न ही कोई मैसेज। यही बात उन्हें सबसे ज्यादा खल रही थी, क्योंकि ऐसा पहले कभी नहीं हुआ था। मां ने बताया,
पिंकी फ्लाइट अटेंडेंट के तौर पर बड़े नेताओं और अधिकारियों के साथ काम करती थी। वह अजित पवार, देवेंद्र फडणवीस, नारायण राने और उनके बेटे के साथ भी यात्राएं कर चुकी थी। परिवार को उसकी नौकरी पर गर्व था।
माया माली ने कहा कि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि विमान हादसा तकनीकी खराबी की वजह से हुआ या किसी और कारण से। वह चाहती हैं कि इस पूरे मामले की गहराई से जांच हो, ताकि सच्चाई सामने आ सके। आखिर में उन्होंने टूटती हुई आवाज में कहा कि उनकी बेटी अब उनके पास नहीं है और वह कभी लौटकर नहीं आएगी। यह नुकसान उनके लिए ऐसा है, जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है।
29 साल की पिंकी की शादी बस्ती में हुई थी, लेकिन अब उसके ससुराल वाले भी मुंबई में ही रहते थे।
बस्ती में हुई थी पिंकी की शादी
भैंसा गांव में रहने वाले शीतला प्रसाद माली पिंकी के चचेरे भाई हैं। उन्होंने बताया कि पिंकी के पिता शिव कुमार माली चार भाई हैं। उनके पिता बाबू राम का पिछले साल निधन हो गया था, जिससे परिवार पहले ही दुख में था।
शीतला प्रसाद ने बताया कि पिंकी का परिवार पिछले 30–35 साल से मुंबई में रह रहा है। परिवार रोजगार के सिलसिले में वहां बस गया था। करीब दो महीने पहले ही परिवार मुंबई से गांव आया था और कुछ समय साथ में बिताया था।
उन्होंने यह भी बताया कि पिंकी की शादी उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में हुई थी। शादी के बाद उसके ससुराल वाले भी मुंबई में ही रहते हैं। इस हादसे की खबर से गांव और परिवार दोनों में मातम पसरा हुआ है।
यह जौनपुर के भैंसा गांव में पिंकी के चाचा शीतला प्रसाद माली का घर है। बेटी की मौत की खबर से घर में मातम है। इसके पीछे ही पिंकी के पिता का घर है।
महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार के साथ पिंकी माली। (फाइल फोटो)
जानिए कैसे हुआ हादसा
बुधवार सुबह 8.45 बजे बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान अजित पवार का चार्टर्ड प्लेन क्रैश हो गया। हादसे में अजित पवार, उनके सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और क्रू मेंबर पिंकी माली समेत 5 लोगों की जान गई। पवार महाराष्ट्र पंचायत चुनाव के लिए जनसभा को संबोधित करने बारामती जा रहे थे।
महाराष्ट्र एविएशन डिपार्टमेंट के मुताबिक, विमान बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के लिए अप्रोच कर रहा था। पहली बार में पायलट को रनवे साफ दिखाई नहीं दिया तो वह विमान को दोबारा ऊंचाई पर ले गया। पहली कोशिश नाकाम रहने के बाद बारामती के रनवे-11 पर दोबारा लैंडिंग की कोशिश की गई। इसी दौरान विमान रनवे से फिसलकर क्रैश हो गया। इसके तुरंत बाद उसमें आग लग गई।
Ajit Pawar Plane Crash से पहले की कहानी : महिला कैप्टन के आखिरी शब्द थे- ओह शिट... ओह शिट, पायलट ने मेडे कॉल नहीं किया
Wed, Jan 28, 2026
महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार का प्लेन क्रैश में निधन हो गया। बारामती में हुए हादसे में उनके साथ मौजूद पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर एचसी विदिप जाधव, पायलट कैप्टन सुमित कपूर, कैप्टन सांभवी पाठक और फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली की भी जान चली गई।
क्रैश से पहले प्लेन के मेन पायलट सुमित कपूर ने मेडे कॉल नहीं किया था, लेकिन उनके साथ मौजूद कैप्टन सांभवी पाठक के आखिरी शब्द थे- ओह शिट...ओह शिट। यह जानकारी बारामती के एक फ्लाइंग स्कूल के एक सोर्स ने दी।
नीचे सिलसिलेवार तरीके से जानिए प्लेन क्रैश से ठीक पहले की पूरी कहानी...
लैंडिंग की पहली कोशिश फेल हुई थी:
सुबह कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम थी। पायलटों ने बारामती एयरपोर्ट के रनवे-11 पर लैंडिंग की कोशिश की। हालांकि उन्हें रनवे नहीं दिखा। दोनों पायलट ने प्लेन दोबारा ऊपर ले लिया।
पायलट ने लैंडिंग क्लीयरेंस को दोहराकर कन्फर्म नहीं किया:
दूसरी बार विमान ने फिर से रनवे की ओर आना शुरू किया। पायलट ने बताया कि अब रनवे दिख रहा है। इसके बाद विमान को लैंडिंग की अनुमति दे दी गई, लेकिन अहम बात यह रही कि पायलट ने इस अनुमति की रीडबैक नहीं दी, यानी लैंडिंग क्लीयरेंस को दोहराकर कन्फर्म नहीं किया।
दूसरी बार रनवे छूने से पहले ही प्लेन पलटाः
करीब 8:43 बजे विमान का संपर्क टूट गया। विमान ने अपनी लोकेशन और स्पीड बताने वाले सिग्नल भेजना बंद कर दिया। जमीन छूने से पहले ही प्लेन पलटकर और रनवे से 100 मीटर पहले ही जमीन से टकरा गया।
जमीन पर गिरते ही प्लेन में 4-5 बार धमाके हुए:
आई विटनेस के मुताबिक, रनवे पर टकराने के बाद प्लेन में धमाका हुआ और भीषण आग लग गई। इसके बाद 4-5 और धमाके हुए।
आग के कारण लोग मदद नहीं कर पाए:
एयरपोर्ट से आग और धुएं का गुबार देख स्थानीय लोग क्रैश साइट की तरफ दौड़े। ग्रामीणों ने प्लेन में सवार लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी भयानक थी कि मदद नहीं कर सके।
प्रत्यक्षदर्शी बोले- पहले ही लग रहा था हादसा होगा:
बारामती एयरपोर्ट के पास गांव के कई लोगों ने हादसे से पहले प्लेन को देखा। एक आई विटनेस ने बताया- प्लेन रनवे के पास पहुंचने से लगभग 100 मीटर पहले ही क्रैश हो गया। जब प्लेन नीचे उतर रहा था, तभी लग रहा था कि हादसा होगा और ऐसा ही हुआ।
प्लेन के टुकड़े घर तक आकर गिरे:
एक अन्य ग्रामीण ने बताया- प्लेन पहले गांव के ऊपर से गुजरा। फिर गांव के नीचे आता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद रनवे पर जाकर पलटा और जमीन से टकरा गया। धमाके के बाद प्लेन के टुकड़े उड़कर हमारे घर तक आ गिरे।
अजित पवार ने भाजपा विधायक को आखिरी फोन किया:
अजित पवार के भतीजे और भाजपा विधायक रणजगजीत सिंह पाटिल ने बताया है कि हादसे से पहले अजित पवार ने उनसे फोन पर बात की थी। विमान में चढ़ने से पहले अजित पवार ने रणजगजीत सिंह से कहा था कि वे लैंडिंग के बाद उनसे बात करेंगे।
बारामती में चुनाव सभा को संबोधित करने गए थे पवार
CM अजित पवार बुधवार सुबह 8:10 बजे मुंबई से रवाना हुए थे। सुबह 8.45 बजे बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान उनका चार्टर्ड प्लेन क्रैश हो गया। पवार महाराष्ट्र पंचायत चुनाव के लिए जनसभा को संबोधित करने बारामती जा रहे थे।
मौके से सभी के शव मिल गए हैं। हालांकि अभी पहचान होना बाकी है। इधर, एयरक्राफ्ट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो, यानी AAIB ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसी की एक टीम बारामती गई है। दूसरी टीम दिल्ली में विमान की ऑपरेटर कंपनी VSR वेंचर्स के ऑफिस पहुंची है।