ट्रक ने 45 श्रद्धालुओं को कुचला, 13 की मौत : ग्वालियर में 29 घायल, 7 की हालत गंभीर; SP की मौजूदगी में नो-एंट्री में ट्रक को किसने दी परमीशन ?
MP CG Times / Sun, Oct 18, 2026
ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास शनिवार-रविवार की दरमियानी रात ट्रक ने दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं को कुचल दिया। हादसे में 13 लोगों की मौत की पुष्टि 1000 बिस्तर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. सुधीर सक्सेना ने की है।
उनके मुताबिक, अस्पताल में उपलब्ध जानकारी के अनुसार 29 लोग घायल हैं, जिनमें 7 की हालत गंभीर है। अन्य अस्पतालों में भी घायलों का इलाज चल रहा है, इसलिए कुल घायलों का आंकड़ा बढ़ सकता है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक चीनौर रोड की ओर से ढलान पर नीचे आ रहा था। वह बेकाबू होकर पुलिस के लगाए अवरोधक तोड़ते हुए श्रद्धालुओं और सड़क किनारे लगी प्रसाद-पूजा सामग्री की 5-6 दुकानों से टकराया।
इसके बाद मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार की दीवार से जा भिड़ा। टक्कर इतनी तेज थी कि दीवार ढह गई। कई लोग ट्रक और मलबे के नीचे दब गए।

ढलान से बेकाबू होकर आया ट्रक, श्रद्धालुओं को संभलने का मौका नहीं मिला
हादसा सप्तमी पर मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ के दौरान हुआ। रात करीब 1:30 बजे ट्रक के बेकाबू होने से अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार के बीच लोग अपनों को तलाशने लगे।
स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन के साथ मिलकर घायलों को बाहर निकालने और अस्पताल पहुंचाने में मदद की। किसी के सिर में चोट लगी थी, तो किसी के हाथ-पैर में फ्रैक्चर हुआ। मौके पर देर तक बचाव कार्य जारी रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक को हटाने में भी काफी समय लगा। कुछ लोगों ने जैक और अन्य साधनों की मदद से दबे लोगों को निकालने की कोशिश की। हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे।

मृतकों में 8 की पहचान, बाकी की पहचान की जा रही
हादसे में मृतकों में सत्येंद्र गुर्जर (22), सरला तोमर (50), गौरव परिहार (18), महेश शर्मा (45), विमलेश (18), देवेश बघेल (17), प्रिंस उर्फ छोटू जाटव (16) और शौर्य शर्मा (15) शामिल हैं। बाकी मृतकों की पहचान की जा रही है।
मृतका के भतीजे ने पूछा- नो-एंट्री में ट्रक को एंट्री किसने दी?
हादसे में जान गंवाने वाली सरला तोमर के भतीजे लोकेंद्र सिंह तोमर ने ट्रक की एंट्री पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब प्रशासन ने सुरक्षा के इंतजाम किए थे, तो ट्रक अंदर कैसे आया और उसे पीछे से एंट्री किसने दी? लोकेंद्र ने बताया कि उनकी ताई शीतला माता मंदिर में दर्शन करने जा रही थीं। उन्होंने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों से जवाब मांगा।

पुलिस के अवरोधक तोड़कर मंदिर तक पहुंचा ट्रक
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए भारी वाहनों को रोकने के इंतजाम किए गए थे। इसके बावजूद ट्रक अवरोधक तोड़ते हुए मंदिर की ओर पहुंच गया। हादसे में ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मी या होमगार्ड जवान भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। ट्रक बेकाबू कैसे हुआ और प्रतिबंधित मार्ग पर कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है।
हादसे से कुछ देर पहले मौके पर थे एसएसपी
एसएसपी धर्मवीर सिंह हादसे से करीब 15 मिनट पहले तक घटनास्थल पर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे थे। उनके वहां से निकलने के कुछ देर बाद हादसा हो गया। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य संभाला। कलेक्टर रुचिका चौहान और एसपी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना।
प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों की मदद के लिए रेडक्रॉस से सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है। घायलों का इलाज जारी है। हादसे के कारणों और ट्रक के प्रतिबंधित रास्ते पर पहुंचने की जांच की जा रही है।
Tags :
Gwalior Truck Accident, Gwalior Accident News, Sheetla Mata Temple Accident, Gwalior News Today, Gwalior Truck Accident 13 Dead, Gwalior Accident 29 Injured, Gwalior Breaking News, शीतला माता मंदिर हादसा, ग्वालियर ट्रक हादसा, ग्वालियर सड़क हादसा, ग्वालियर हादसे में 13 की मौत, शीतला माता मंदिर दुर्घटना, ग्वालियर हादसा ताजा खबर
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन