नवरात्रि के दौरान गायों के कटे सिर मिले : मांस बेचने के लिए की थी हत्या; मुख्य आरोपी, उसकी पत्नी-बेटी समेत 11 गिरफ्तार, कोर्ट के बाहर भीड़ ने आरोपियों को पीटा
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में नवरात्र के दौरान गायों के कटे सिर मिलने से फैले तनाव और जन-आक्रोश के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार शाम कोतवाली थाना पुलिस ने सीसीटीवी (CCTV) फुटेज की मदद से एक नाबालिग लड़की समेत कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने कार्रवाई के बाद आरोपियों का शहर में पैदल जुलूस निकाला। इसके बाद जब आरोपियों को अदालत में पेश कर बाहर लाया जा रहा था, तब उग्र भीड़ ने नारेबाजी करते हुए आरोपियों की पिटाई कर दी और उन पर काली स्याही फेंक दी।

सड़क पर बैठे मवेशियों को ले जाते CCTV में दिखे, ऐसे सुलझी गुत्थी
12 अक्टूबर को निर्माणाधीन अंडरब्रिज के पास और 14 अक्टूबर को गौरी नगर स्थित शीतला तालाब के पास गायों के कटे सिर मिले थे। इस घटना के बाद हिंदू संगठनों और वार्डवासियों ने जमकर हंगामा किया था। प्रदर्शनकारियों ने मानव मंदिर चौक पर गाय का कटा सिर रखकर चक्काजाम किया और थाने के बाहर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया था।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस की स्पेशल टीम ने इलाके के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में देर रात कुछ संदिग्ध लोग सड़क पर बैठे बेसहारा मवेशियों को जबरन अपने साथ ले जाते दिखाई दिए। इसी आधार पर पुलिस ने गौरी नगर निवासी मुख्य आरोपी अब्दुल अलीम उर्फ 'कनवा', उसकी पत्नी और बेटी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

मुख्य आरोपी का कबूलनामा: 'मांस बेचने के लिए की हत्या, तालाब में फेंके सिर'
कड़ाई से की गई पूछताछ में मुख्य आरोपी अब्दुल अलीम ने जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसने अपनी पत्नी, बेटी और अन्य 8 साथियों के साथ मिलकर गोवंशों की हत्या (हलाल) की और उनके मांस को बेचा। पहचान छिपाने और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की नीयत से गायों के कटे सिर को शीतला तालाब और अंडरब्रिज के पास फेंक दिया गया था।
कोर्ट में पेशी के बाद 10 आरोपी जेल, नाबालिग बाल सुधार गृह भेजी गई
पुलिस ने मुख्य आरोपी के कबूलनामे के बाद गिरोह के अन्य सदस्यों को भी धर दबोचा। अदालत में पेशी के बाद 10 बालिग आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग लड़की को बाल संप्रेक्षण गृह (Child Observation Home) भेजा गया है।

कोर्ट परिसर के बाहर फूटा गुस्सा, 'फांसी दो' के लगे नारे
शनिवार को जब पुलिस टीम आरोपियों को कोर्ट में पेशी के बाद बाहर निकाल रही थी, तो वहां मौजूद सैकड़ों लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। 'फांसी दो-फांसी दो' के नारों के बीच भीड़ ने पुलिस सुरक्षा घेरा तोड़ने की कोशिश की।
पुलिस गाड़ियों में बैठाने के दौरान धक्का-मुक्की हुई और आक्रोशित लोगों ने आरोपियों को थप्पड़ जड़ दिए व उन पर स्याही फेंक दी। पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आरोपियों को भीड़ से बचाकर वाहन में बैठाया और जेल रवाना किया। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
Tags :
Rajnandgaon Cow Slaughter Case, Rajnandgaon Crime News, Abdul Aleem Rajnandgaon, Rajnandgaon Police Action, Rajnandgaon, MP CG Crime News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन