शहडोल सड़क हादसा, शिक्षक की मौत शहडोल, Shahdol road accident news, sand truck accident MP, ब्यौहारी थाना हादसा, अजय सिंह शिक्षक, मध्यप्रदेश दुर्घटना खबर, truck accident Shahdol
शहडोल में शिक्षक को रेत से भरे ट्रक ने कुचला : तेज रफ्तार में था, हादसे के बाद एक किलोमीटर दूर खड़ा मिला ट्रक, ड्राइवर भागा
Sun, Feb 8, 2026
मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में शनिवार रात करीब 10 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक सरकारी शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना ब्यौहारी थाना क्षेत्र की है, जहां तेज रफ्तार रेत से भरे ट्रक ने सड़क पार कर रहे शिक्षक को कुचल दिया।
हादसा मानपुर रोड स्थित ग्राम कोठिया में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
शिक्षक बसही स्कूल में पदस्थ थे
मृतक की पहचान रामनगर निवासी अजय सिंह (52) के रूप में हुई है। वे ब्यौहारी विकासखंड के माध्यमिक विद्यालय बसही में पदस्थ थे। बताया जा रहा है कि स्कूल से छुट्टी के बाद वे किसी निजी काम से ग्राम कोठिया गए थे।
सड़क पार करते समय चपेट में आए
पुलिस के अनुसार अजय सिंह मानपुर मार्ग पर सड़क पार कर रहे थे, तभी मानपुर से ब्यौहारी की ओर जा रहा रेत से भरा ट्रक उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया। ब्यौहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। बाद में शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया।
एक किलोमीटर दूर खड़ा मिला ट्रक
पुलिस को दुर्घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर ट्रक खड़ा मिला, जिसे जब्त कर थाने लाया गया है। ट्रक में भरी रेत की वैधता की भी जांच की जा रही है।
चालक फरार, पुलिस जांच जारी
थाना प्रभारी जिया उल हक ने बताया कि फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। मामले में मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के इलाकों में भी पूछताछ कर रही है।