सागर फांसी मामला, मां और दो बच्चों की मौत, रहली थाना क्षेत्र घटना, मैनाई गांव खबर, मध्यप्रदेश ब्रेकिंग न्यूज, Sagar hanging case, Woman and two children death MP, Mainai village incident, Rahli police case, Madhya Pradesh crime news
मां और दो मासूम बेटों के शव फांसी पर लटके मिले : MP में दिल दहला देने वाली घटना, पिता खेत से लौटा तो वारदात का पता चला
Fri, Dec 26, 2025
मध्यप्रदेश के सागर जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक महिला और उसके दो मासूम बेटों के शव फांसी के फंदे पर लटके मिले। घटना रहली थाना क्षेत्र के मैनाई गांव की है। इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, रचना लोधी (32) और उसके दो बेटे ऋषभ (5) व राम (2) गुरुवार रात अपने कमरे में अलग-अलग फंदों पर लटके मिले। रचना के पति राजेश लोधी और उनके बड़े भाई ब्रजेश लोधी खेत में सिंचाई करने गए हुए थे। रात करीब पौने 10 बजे जब दोनों घर लौटे, तभी राजेश के कमरे से चीखने की आवाज आई।
रस्सियां काटकर तीनों को नीचे उतारा
ब्रजेश लोधी ने बताया कि वे दौड़कर कमरे में पहुंचे, जहां बहू और दोनों बच्चों को फांसी पर लटका देखा। दोनों भाइयों ने तुरंत रस्सियां काटकर तीनों को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना स्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, वहीं कमरे का दरवाजा भी खुला मिला है। ऐसे में यह मामला आत्महत्या है या किसी अन्य कारण से हुई मौत, इस पर अभी संशय बना हुआ है।
शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम कराया
सूचना मिलते ही रहली पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शुक्रवार को शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम कराया।
रहली थाना प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।