रायपुर युवक हत्या, धरसीवां होटल मर्डर, शिव प्रसाद धुर्वे हत्या, होटल कर्मचारी ने मारा चाकू, रायपुर क्राइम न्यूज, अनूपपुर, पुष्पराजगढ़, Raipur youth murder, Dharsiwa hotel murder, Shiv Prasad Dhurve murder, hotel employee stabbed, Raipur crime news, Anuppur, Pushprajgarh
पुष्पराजगढ़ के युवक की रायपुर में चाकू मारकर हत्या : होटल में कुत्ते को खाना खिलाने को लेकर झगड़ा, फिर सीने में किया वार, लहूलुहान होकर गिरा, 2 आरोपी गिरफ्तार
Wed, Feb 11, 2026
siltara-hotel-murder-shiv-prasad-dhurve: अनूपपुर जिले के पुष्पराजगढ़ के युवक की छत्तीसगढ़ के रायपुर में चाकू मारकर हत्या कर दी गई। होटल कर्मचारी ने उसे घसीटते हुए होटल से बाहर निकाला, फिर सीने में चाकू मार दिया। जिससे युवक लहूलुहान होकर गिर गया। बताया जा रहा है कि, ढाबा में खाना खाने के दौरान कुत्ते को भोजन देने को लेकर विवाद हुआ था। घटना धरसीवां थाना इलाके के सिलतरा फेस-2 की है।
मृतक की पहचान पुष्पराजगढ़ के खेतगांव के थाडपथर निवासी 35 वर्षीय शिव प्रसाद धुर्वे पिता पटवारी धुर्वे के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में होटल कर्मचारी पवन सेन और उसके साथी सागर साहू के खिलाफ हत्या समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
जानिए क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, 9 फरवरी की रात करीब 7 बजे शिव प्रसाद अपने साथियों के साथ होटल गया था, जहां उसका पवन और सागर से विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले कहासुनी हुई, फिर मारपीट शुरू हो गई।
इसी दौरान आरोपी पवन सेन ने शिव प्रसाद को होटल से घसीटकर बाहर निकाला और चाकू से उसके सीने में वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल शिव प्रसाद मौके पर गिर पड़ा। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे वहां मौजूद लोग डरकर भाग गए।
घायल अवस्था में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धरसीवां लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि
अगले दिन परिजनों की मौजूदगी में शव पंचनामा कार्रवाई की गई। शव परीक्षण के दौरान मृतक के सीने के बाईं ओर धारदार हथियार से गहरा घाव मिला। शॉर्ट पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में डॉक्टर ने मौत का कारण “हॉमिसाइडल” (हत्या) बताया।
दोस्तों ने खोला राज, दो गिरफ्तार
जांच के दौरान उसके साथियों ने बताया कि होटल में दो बार विवाद हुआ था। दूसरी बार लौटने पर झगड़ा बढ़ गया और हमला हुआ। बयान के आधार पर पुलिस ने पवन सेन और सागर साहू को आरोपी बनाया। जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
इन धाराओं में केस दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103, 351(2), 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुष्पराजगढ़ का रहने वाला था युवक
मृतक शिव प्रसाद धुर्वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के पुष्पराजगढ़ के खेतगांव के थाडपथर का रहने वाला था। फिलहाल रायपुर के सिलतरा क्षेत्र में पत्नी के साथ रह रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के दौरान मौजूद अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।