MCB Bus Accident News, Manendragarh Bus Accident, Kelhari Road Accident, Chhattisgarh Mishap News, MCB, Chhattisgarh News
छत्तीसगढ़ में पेड़ से टकराई बेकाबू बस, 6 की मौत : बस मालिक ने भी तोड़ा दम, 25 यात्री घायल, ड्राइवर समेत 15 की हालत गंभीर; तेज रफ्तार हादसे की वजह
Thu, Oct 22, 2026
छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले से दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। केल्हारी थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमरमथानी मोड़ के पास गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे एक बेकाबू यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे सीधे पेड़ से जा टकराई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक हादसे में बस मालिक समेत 6 लोगों की मौके पर और इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, बस में सवार करीब 25 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से ड्राइवर समेत 15 लोगों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
दोपहर 2 बजे हुआ हादसा, बस में सवार थे 40 से अधिक यात्री
प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों के अनुसार, बस मनेंद्रगढ़ से यात्रियों को लेकर केल्हारी की ओर जा रही थी। बस में क्षमता से अधिक करीब 40 से 50 यात्री सवार थे।
दोपहर करीब 2 बजे जैसे ही बस सेमरमथानी मोड़ के पास पहुंची, ड्राइवर अचानक वाहन से अपना नियंत्रण खो बैठा। बेकाबू रफ्तार में बस सड़क किनारे विशालकाय पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
मृतकों के नाम
सिपाही लाल(55) ग्राम केल्हारी बस मालिक।
पंचराम (60) ग्राम चिरमिरी निवासी।
मधु (12) और नेहा(9) ग्राम रोझी केल्हारी।
संगीत पाव (30) ग्राम गुड़रू केल्हारी निवासी।
सुकारो (80) ग्राम भालूडांड़ केल्हारी निवासी शामिल है।
15 गंभीर घायल मनेंद्रगढ़ रेफर, केल्हारी में दिया गया प्राथमिक इलाज
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए घायलों को क्षतिग्रस्त बस से बाहर निकालना शुरू किया और पुलिस व स्वास्थ्य टीम को सूचना दी। पुलिस और एम्बुलेंस टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
करीब 25 घायलों में से ड्राइवर सहित 15 यात्रियों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मनेंद्रगढ़ सिविल अस्पताल रेफर किया गया है। बाकी 10 घायलों का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केल्हारी में चल रहा है। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम घायलों को सीपीआर (CPR) और आपातकालीन चिकित्सा देने में जुटी रही।
हादसे की वजह तलाश रही पुलिस
फिलहाल बस के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने का सटीक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। केल्हारी थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस इस बात की पड़ताल में जुटी है कि हादसा तेज रफ्तार, ब्रेक फेल होने जैसी किसी तकनीकी खराबी या ड्राइवर की लापरवाही के कारण हुआ।