Anuppur Crime News, Kotma Wife Murder Case, Anuppur Police Action, Sudama Agariya Anuppur, Anuppur, MP Crime News
अनूपपुर में मायके जाने की जिद पर पत्नी की हत्या : नशे में पति ने डंडे से पीट-पीटकर मार डाला, रातभर शव के पास सोया, सुबह गोबर से लीपता रहा खून के धब्बे
Thu, Oct 22, 2026
मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा थाना क्षेत्र अंतर्गत टिकाई टोला से सनसनीखेज और खौफनाक वारदात सामने आई है। मायके जाने की बात को लेकर हुए विवाद में नशे में धुत पति ने अपनी 23 वर्षीय पत्नी की डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी।
हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति रातभर अपनी मृत पत्नी के शव के पास ही सोया रहा। सुबह जब उसका नशा उतरा और मौत का अहसास हुआ, तो उसने साक्ष्य मिटाने के लिए फर्श पर फैले खून के धब्बों को गोबर से पोतकर छिपाने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
मायके जाने की बात पर बहस, मां बच्चों को लेकर दूसरे घर गई
एसपी विक्रांत मुराब से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान चंदा देवी कोल (23 वर्ष) और आरोपी पति की पहचान सुदामा अगरिया (26 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों ने 5 साल पहले प्रेम विवाह किया था और दोनों मजदूरी करते थे। चंदा अक्सर बिना बताए मायके चली जाती थी, जिसको लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
बुधवार रात करीब 8 से 9 बजे सुदामा शराब के नशे में घर पहुंचा। मायके जाने की बात पर दोनों में फिर कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई।
विवाद बढ़ता देख सुदामा की मां अपने ढाई साल और डेढ़ साल के दोनों मासूम पोते-पोतियों को लेकर दूसरे घर चली गई। इसी बीच आपा खो चुके सुदामा ने बांस के भारी डंडे से चंदा के सिर, चेहरे और आंख पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शव के पास रातभर सोया, सुबह गोबर से लीपने लगा खून
वारदात के वक्त सुदामा इतने अत्यधिक नशे में था कि उसे चंदा की मौत का तुरंत अहसास ही नहीं हुआ। वह चंदा के लूलू-लहान शव को घसीटकर कमरे के अंदर ले गया और उसके बगल में ही सो गया।
गुरुवार सुबह जब सुदामा की नींद खुली, तो चंदा के सिर से बहता खून और उसका बेजान शरीर देखकर उसके होश उड़ गए। कानूनी कार्रवाई और पुलिस के डर से सुदामा ने कमरे में गोबर से पुताई कर फर्श पर फैले खून के निशानों को मिटाने का प्रयास किया, लेकिन धब्बे पूरी तरह साफ नहीं हो सके।
मां घर लौटी तो खुला राज, पुलिस ने आरोपी को दबोचा
गुरुवार सुबह जब सुदामा की मां बच्चों को लेकर घर वापस लौटीं, तो कमरे के अंदर बहू चंदा का खून से लथपथ शव देखकर चीख पड़ीं। उनकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण पहुंचे और तुरंत डायल 100 व कोतमा पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोतमा थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा भिजवाया। एसपी विक्रांत मुराब ने बताया कि आरोपी पति सुदामा अगरिया को हिरासत में ले लिया गया है और हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।