अनूपपुर तांत्रिक ठगी, अंधविश्वास के नाम पर ठगी, रामनगर थाना कार्रवाई, लकवा इलाज ठगी मामला, अनूपपुर पुलिस गिरफ्तारी, तंत्र-मंत्र गिरोह गिरफ्तार, Anuppur Tantrik fraud, fraud in the name of superstition, Ramnagar police station action, paralysis treatment fraud case, Anuppur police arrest, tantra-mantra gang arrested
अनूपपुर में तंत्र-मंत्र से लकवे के इलाज के बहाने ठगी : आदिवासी परिवार से कैश और जेवर ठगे, जान से मारने की दी धमकी, 3 गिरफ्तार, 12 लाख का सामान बरामद
Fri, Feb 13, 2026
मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में रामनगर थाना पुलिस ने अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पति-पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 12 लाख रुपये का सामान बरामद किया है। कार्रवाई का नेतृत्व थाना प्रभारी सुमित कौशिक ने किया।
पुलिस के अनुसार मामला ग्राम बरतराई का है। फरियादी लक्ष्मण सिंह पोरते के पिता को लकवा मार गया था। इसी का फायदा उठाकर आरोपी सत्या नाई ने परिवार की मुलाकात कथित तांत्रिक सुखनाथ उर्फ विश्वनाथ गिरी से कराई।
तांत्रिक और उसकी पत्नी लीला गिरी ने परिवार को घर में टोना-टोटका होने का डर दिखाया। 25 दिसंबर को तंत्र-मंत्र का कथित अनुष्ठान कर इलाज के नाम पर 1.51 लाख रुपये ऐंठ लिए।
धमकी देकर फिर की वसूली
8 जनवरी को आरोपी दोबारा घर पहुंचे और परिवार को धमकाया कि यदि सोना-चांदी और नकदी नहीं दी गई तो तांत्रिक क्रिया से जान से मार देंगे और लकवा बढ़ जाएगा।
डरे हुए परिवार ने मंगलसूत्र, पायल, करधन, चाबी छल्ला और 2.50 लाख रुपए कैश आरोपियों को सौंप दिए। जल्दबाजी में बैंक पासबुक और आधार कार्ड भी उनके पास चले गए।
पुलिस कार्रवाई और बरामदगी
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर दबिश दी और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से बरामद हुआ:
15 सोने के लॉकेट (लगभग ₹5 लाख)
1 किलो चांदी (लगभग ₹2.50 लाख)
₹3.61 लाख कैश
वारदात में प्रयुक्त बाइक
तंत्र-मंत्र की किताबें और एक मृत जानवर की खोपड़ी
कुल जब्त सामान की कीमत करीब ₹12 लाख आंकी गई है।
आरोपियों को भेजा गया जेल
पुलिस ने सत्या नाई (भालूमाड़ा), सुखनाथ उर्फ विश्वनाथ गिरी, लीला गिरी (सरगुजा, छत्तीसगढ़ निवासी) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस की अपील
रामनगर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अंधविश्वास, झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।