अनूपपुर समाचार, नवविवाहिता की मौत, फांसी लगाकर मौत, चचाई थाना, घरेलू विवाद, Anuppur news, newlywed woman death, hanging case MP, Chachai police, matrimonial dispute, suspicious death
अनूपपुर में नवविवाहिता की फंदे पर मिली लाश : 6 महीने पहले ‘लव कम अरेंज मैरिज’ हुई थी, शादी के बाद बढ़ा तनाव
Sat, Jan 3, 2026
शिवम साहू, अनूपपुर।
मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के चचाई थाना क्षेत्र के बकही गांव में शुक्रवार को एक 19 वर्षीय नवविवाहिता का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतका की पहचान दयावती अगरिया के रूप में हुई है, जिसकी शादी महज 6 महीने पहले कमलेश अगरिया से हुई थी।
लव कम अरेंज मैरिज, शादी के बाद बढ़ा तनाव
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दयावती और कमलेश की शादी ‘लव कम अरेंज मैरिज’ थी। बताया जा रहा है कि शादी के कुछ महीनों बाद से दोनों के बीच विवाद होने लगे थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, दयावती का स्वभाव गुस्सैल था और झगड़े के दौरान वह अक्सर खुद को कमरे में बंद कर लेती थी।
नए साल की रात हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, 1 जनवरी की शाम पति कमलेश एक पार्टी में गया था और देर रात घर लौटा। इस बात को लेकर दयावती नाराज थी और दोनों के बीच कहासुनी भी हुई। अगले दिन सुबह जब कमलेश किसी काम से घर से बाहर गया, उसी दौरान सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच दयावती ने कमरे में फांसी लगा ली।
मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही दयावती के साथ मारपीट की जाती थी और उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों का आरोप है कि ससुराल वालों ने ही दयावती की हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया।
पुलिस के पहुंचने से पहले उतार दिया गया शव
मायके पक्ष के अनुसार, शुक्रवार दोपहर जब वे बकही गांव पहुंचे, तब दोपहर करीब 3 बजे पुलिस को सूचना दी गई। आरोप है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही ससुराल वालों ने शव को फंदे से नीचे उतार लिया था, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है।
पुलिस जांच में जुटी, पीएम रिपोर्ट का इंतजार
चचाई थाना की एएसआई किरण मिश्रा ने बताया कि फिलहाल मर्ग कायम कर लिया गया है। शनिवार को जिला अस्पताल में शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।