अनूपपुर पुलिस हमला, चचाई थाना खबर, पुलिस पर हमला आरोपी गिरफ्तार, शासकीय कार्य में बाधा, अनूपपुर अपराध समाचार, रामरक्षा पटेल प्रवीण सोनी, मेडियारास विवाद मामला, Anuppur police attack, Chachai police station news, accused arrested for attacking police, obstruction of government work, Anuppur crime news, Ramraksha Patel and Praveen Soni, Mediaras dispute case,
अनूपपुर में ड्यूटी के दौरान ASI की पिटाई : वर्दी फाड़ी, गाली देकर हाथ-मुक्कों से मारपीट, सिर पर आई चोटें, 2 आरोपी गिरफ्तार
Fri, Dec 26, 2025
मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले की चचाई पुलिस ने पुलिसकर्मियों पर हमला करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों पर रंगदारी, गुंडागर्दी और मारपीट के गंभीर आरोप भी हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रामरक्षा पटेल (26) और प्रवीण सोनी (24) दोनों निवासी मेडियारास के रूप में हुई है।
जमीन विवाद से शुरू हुआ मामला
यह मामला 27 अक्टूबर को आनंदकर शुक्ला, निवासी चचाई, की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया कि रामरक्षा पटेल ने उनकी जमीन पर लगी तार फेंसिंग को जबरन उखाड़ दिया। आरोपी खेती न करने का दबाव बना रहा था और खेती के बदले पैसों की मांग कर रहा था। मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज, मारपीट और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।
ड्यूटी के दौरान ASI पर हमला
मामले की जांच कर रहे सहायक उपनिरीक्षक महिपाल प्रजापति की ड्यूटी आरक्षक अतुल शर्मा के साथ मेडियारास में दुर्गा विसर्जन और रावण दहन कार्यक्रम में लगी थी। इसी दौरान आजाद चौक पर आरोपी रामरक्षा पटेल अपने साथियों अनीश पटेल, प्रवीण सोनी और अंकित साहू के साथ पहुंचा।
आरोपियों ने ASI प्रजापति पर शिकायतकर्ता का पक्ष लेने और उनके खिलाफ केस दर्ज करने का आरोप लगाते हुए विवाद शुरू कर दिया।
वर्दी फाड़ी, जातिसूचक शब्द बोले, सिर पर किया हमला
जब ASI ने बताया कि मारपीट के चलते अपराध दर्ज किया गया है, तो आरोपियों ने शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए वर्दी फाड़ दी, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इस दौरान प्रवीण सोनी ने हाथ में पहने कड़े से ASI के सिर पर वार कर घायल कर दिया।
तालाब किनारे पार्टी करते समय दबोचे गए आरोपी
ASI महिपाल प्रजापति की रिपोर्ट पर सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी। इसी बीच सूचना मिली कि रामरक्षा पटेल और प्रवीण सोनी गुरुवार रात तालाब के पास पार्टी मना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।