अमरकंटक आग, अनूपपुर जंगल आग, पुलिस थाना आग, वाहन जले, मध्यप्रदेश आग हादसा, forest fire amarkantak
अमरकंटक में जंगल की आग थाने तक पहुंची : 4 वाहन जले, पेट्रोल पंप-ट्रांसफार्मर पास होने से टला बड़ा हादसा
Wed, Apr 15, 2026
अनूपपुर जिले में मंगलवार दोपहर अमरकंटक के जंगल में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और फैलते हुए पुलिस थाना परिसर तक पहुंच गई। इस दौरान कोर्ट के आदेश पर जब्त कर रखे गए कई वाहन आग की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोपहर करीब 2 बजे वार्ड क्रमांक-2 स्थित जंगल में हायर सेकेंडरी स्कूल और बिजली वितरण केंद्र के पीछे आग भड़की थी। वन विभाग को सूचना दी गई, लेकिन समय पर नियंत्रण नहीं हो पाने से आग तेजी से फैलती चली गई।
कई वाहन जलकर खाक
आग की लपटें थाना परिसर तक पहुंचीं, जहां खड़े ट्रक, चारपहिया वाहन, बाइक और ऑटो इसकी चपेट में आ गए। पुलिसकर्मियों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक 4 वाहन जल चुके थे। मौके पर नगर परिषद का फायर वाहन बुलाया गया, लेकिन वह भी आग पर पूरी तरह काबू पाने में नाकाम रहा।
अमरकंटक बनेगा 'नो कंस्ट्रक्शन जोन'
: सीएम मोहन ने लिया नर्मदा संरक्षण का संकल्प, यूकेलिप्टस हटाकर साल-महुआ लगाएंगे, शराब और प्लास्टिक पर रहेगा प्रतिबंध
एसपी मोती उर रहमान ने बताया कि जंगल से फैलकर आग थाना परिसर तक पहुंची थी। वहीं एक अन्य फायर वाहन पहले से दूसरे गांव में आग बुझाने गया था और तकनीकी खराबी के कारण समय पर नहीं पहुंच सका।
50 मीटर की दूरी पर पेट्रोल पंप और बिजली ट्रांसफार्मर
गौरतलब है कि घटनास्थल से महज 50 मीटर की दूरी पर पेट्रोल पंप और बिजली ट्रांसफार्मर मौजूद था। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।