अवैध शराब पकड़ने गई पुलिस टीम से मारपीट : युवक ने उतारे कपड़े; महिला ने जड़ा थप्पड़, बोतलें लेकर भागी, SDOP बोले- जल्द होगी गिरफ्तारी
राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत मोचीपारा में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम के साथ स्थानीय लोगों द्वारा भारी बदसलूकी, गाली-गलौज और मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
कार्रवाई से बौखलाए एक युवक ने पुलिसकर्मियों के सामने ही अपने कपड़े उतार दिए, वहीं मौके पर पहुंची महिलाओं ने पुलिस से धक्का-मुक्की करते हुए एक जवान को थप्पड़ जड़ दिया। इस दौरान एक महिला पुलिस की गिरफ्त से शराब की बोतलें उठाकर भागती नजर आई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शराब के साथ पकड़ाया युवक, तो उतारे कपड़े और दी गालियां
घटना शुक्रवार (9 अक्टूबर) रात की है। डोंगरगढ़ पुलिस को सूचना मिली थी कि मोचीपारा इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध शराब बेची जा रही है। सूचना पर थाने के जवान मौके पर दबिश देने पहुंचे।
पुलिस ने एक युवक को अवैध शराब के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया। खुद को घिरता देख आरोपी युवक बदसलूकी पर उतर आया। उसने बीच सड़क पर जवानों के सामने अपने कपड़े उतार दिए, खुद को मारने की बात कहने लगा और पुलिस को भद्दी-भद्दी गालियां देने लगा।

महिलाओं ने की धक्का-मुक्की, सिपाही को जड़ा थप्पड़; बोतलें लेकर फरार
देखते ही देखते मौके पर स्थानीय लोगों और महिलाओं की भारी भीड़ जमा हो गई। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि कुछ महिलाओं ने पुलिस जवानों का घेराव कर लिया और बहस करने लगीं। बहस के दौरान ही एक महिला ने पुलिसकर्मी को थप्पड़ मार दिया।
वहीं दूसरी ओर, हंगामे का फायदा उठाकर एक अन्य महिला जब्त की गई शराब की बोतलें उठाकर वहां से भाग निकली। पुलिस टीम और स्थानीय लोगों के बीच काफी देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
SDOP बोले— केस दर्ज, आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा
मामले में डोंगरगढ़ के एसडीओपी (SDOP) केसरीनंदन नायक ने बताया कि,
"मोचीपारा में अवैध शराब पर कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम के साथ बदसलूकी और मारपीट की घटना हुई है। मामले में डोंगरगढ़ थाने में संबंधित आरोपियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण (FIR) दर्ज कर लिया गया है। वायरल वीडियो और चश्मदीदों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है, जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।"
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन