कांग्रेस के जिला महामंत्री की सड़क हादसे में मौत : स्कूटी से घर लौटते समय तेज रफ्तार वैन ने मारी टक्कर, साथी की हालत गंभीर
MP CG Times / Sat, Oct 10, 2026
मध्य प्रदेश के नीमच जिले अंतर्गत मालाखेड़ा-जावी मार्ग पर शुक्रवार रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। नीमच से अपने गांव सरवानिया महाराज लौट रहे कांग्रेस पार्टी के जिला महामंत्री और वरिष्ठ नेता अभिषेक मालू (40) की मारुति वैन की जोरदार टक्कर लगने से दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे में उनके साथ स्कूटी पर सवार लक्ष्मी नारायण उर्फ पप्पू पाल (48) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।

सड़क निर्माण के कारण बदला था रास्ता, रास्ते में बनी काल वैन
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, नीमच-सिंगोली मुख्य मार्ग पर सड़क निर्माण कार्य चलने के कारण अभिषेक मालू और उनके साथी पप्पू पाल स्कूटी से मालाखेड़ा-जावी वाले वैकल्पिक मार्ग से होकर सरवानिया महाराज लौट रहे थे।
जावी और बोरखेड़ी कला के बीच सामने से आ रही तेज रफ्तार मारुति वैन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अभिषेक मालू की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की मदद से 108 एम्बुलेंस के जरिए दोनों को तुरंत नीमच जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद अभिषेक मालू को मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल में उमड़ी समर्थकों की भीड़, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे की खबर मिलते ही जिला अस्पताल में कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और परिजनों की भारी भीड़ जमा हो गई। किसान नेता राजकुमार अहीर समेत कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक परिजनों को सांत्वना देने अस्पताल पहुंचे।
शनिवार सुबह पुलिस की मौजूदगी में शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम कराया गया, जिसके बाद पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया। उनके पैतृक गांव सरवानिया महाराज में गमगीन माहौल के बीच अंतिम संस्कार किया गया।
पुलिस ने वैन को जब्त किया, फरार चालक की तलाश में जुटी टीम
घटना के बाद आरोपी वैन चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। मामले की जांच कर रही पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मारुति वैन को जब्त कर लिया है और फरार चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन