शहडोल में कमरे में मिले मां-बेटी के सड़े-गले शव : बंद घर से 5 दिन बाद उठी दुर्गंध तो खुला राज, मायके ले जाने आई थी मां, पति पर करतूत का शक
MP CG Times / Thu, Oct 8, 2026
मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के गोहपारू थाना अंतर्गत नवागांव में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। गांव में एक बंद मकान से लगातार उठ रही तेज दुर्गंध के बाद जब पुलिस ने ताला तोड़कर कमरे का दरवाजा खोला, तो अंदर का नजारा देखकर हर कोई सिहर उठा। कमरे के अंदर मां और बेटी के सड़े-गले शव पड़े हुए थे।
आशंका जताई जा रही है कि दोनों की हत्या करीब पांच दिन पहले की गई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मकान में बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया। पुलिस को प्राथमिक जांच में उसी पर हत्या का पूरा संदेह है।

बेटी को मायके ले जाने आई थी मां, विवाद के बाद कत्ल का अंदेशा
पुलिस की शुरुआती जांच में घटना की वजह और पृष्ठभूमि सामने आई है। मृतकों की पहचान रुचि रजक (30) और उसकी मां सावित्री पति प्रेमलाल (50) के रूप में हुई है। रुचि की शादी वर्ष 2025 में नवागांव में हुई थी और वह अपने पति के साथ ससुराल में रह रही थी। रविवार को रुचि की मां सावित्री अपनी बेटी को मायके (सीधी जिले का मझौली) ले जाने के लिए नवागांव पहुंची थी।
बताया जा रहा है कि रविवार को बेटी को ले जाने की बात पर रुचि के पति का अपनी सास और पत्नी से तीखा विवाद हुआ था। आशंका है कि इसी कहासुनी के बाद उसने दोनों की बेरहमी से हत्या कर दी और बाहर से ताला लगाकर रफूचक्कर हो गया।

अहमदाबाद में बैठे रिश्तेदार ने डायल-112 को दी सूचना, पुलिस ने तोड़ा ताला
वारदात के बाद आरोपी तो भाग निकला, लेकिन पांच दिन बाद बंद घर ने कत्ल का राज खोल दिया। बुधवार को आसपास के ग्रामीणों को जब बंद मकान से असहनीय दुर्गंध आने लगी, तो उन्हें किसी अनहोनी का अंदेशा हुआ।
ग्रामीणों ने तुरंत महिला के एक रिश्तेदार को फोन पर जानकारी दी, जो उस समय गुजरात के अहमदाबाद में था। रिश्तेदार ने बिना देरी किए मध्य प्रदेश पुलिस के डायल-112 पर कॉल करके घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही गोहपारू पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घर के दरवाजे पर बाहर से ताला जड़ा था। पुलिस ने ग्रामीणों की मौजूदगी में ताला तोड़ा और अंदर दाखिल हुई तो कमरे में मां-बेटी के शव पड़े मिले।
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य, आरोपी पति की तलाश में दबिश जारी
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक (FSL) टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य जरूरी जैविक साक्ष्य एकत्र किए हैं। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है।
सीएसपी राजेंद्र मोहन दुबे ने बताया कि प्रारंभिक जांच के आधार पर रुचि के पति पर ही हत्या का मुख्य संदेह है। स्थानीय लोगों ने भी रविवार रात उसे गांव से चुपचाप जाते देखा था। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश में जगह-जगह दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर घटना का पूरा पर्दाफाश किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन