गरबा ड्रेस में सिगरेट पीने और गन कल्चर दिखाने पर बवाल : लड़कियों ने पासेस के प्रचार के लिए बनाया वीडियो, बजरंग दल पहुंचा SP दफ़्तर, कार्रवाई की मांग
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में सोशल मीडिया पर गरबा और धार्मिक संस्कृति से जुड़ी कुछ तस्वीरों और वीडियो को लेकर भारी विवाद खड़ा हो गया है। नवरात्रि पर्व से ठीक पहले गरबा पासेस के प्रचार-प्रसार के लिए बनाए गए एक वीडियो में गरबा परिधान पहने युवतियों द्वारा सिगरेट पीने और गन कल्चर को दर्शाने का आरोप सामने आया है।
इस कंटेंट को लेकर स्थानीय नागरिकों और हिंदू संगठनों में गहरा आक्रोश है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बजरंग दल के कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक बिलासपुर SP कार्यालय पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत के साथ आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें सौंपीं।

'गरबा ड्रेस में सिगरेट और बंदूक': क्या है पूरा मामला?
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, यह पूरा विवाद एक स्थानीय महिला के सोशल मीडिया अकाउंट से पोस्ट की गई सामग्री के बाद शुरू हुआ। खुद को मेकअप आर्टिस्ट बताने वाली शिफा मैथ्यू नाम की युवती ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर गरबा और धार्मिक संस्कृति से जुड़े कुछ वीडियो अपलोड किए हैं।
आरोप है कि वीडियो में गरबा परिधानों में युवतियों को धूम्रपान (सिगरेट पीते हुए) करते, बंदूक दिखाते और लड़कों के साथ बाइक पर बैठकर गरबा पास का प्रचार करते हुए दिखाया गया है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि पवित्र पर्व नवरात्रि और गरबा की आड़ में इस तरह का कंटेंट परोसकर सनातन संस्कृति का अपमान किया गया है और आम लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

संरक्षित 'गज किला' में शूटिंग और सख्त कार्रवाई की चेतावनी
बजरंग दल प्रांत के पदाधिकारी अंकुश ठाकुर ने मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि, नवरात्रि पर शहर में गरबा आयोजन शुरू होने वाले हैं। शिफा मैथ्यू ने गरबा परिधान में सिगरेट और बंदूक दिखाते हुए वीडियो हमारे संरक्षित और प्रतिबंधित ऐतिहासिक स्थल रतनपुर के गज किला में शूट किया है।
उन्होंने बताया कि उक्त युवती ने पहले भी इस तरह के कृत्य किए थे, जिसे समाज ने नजरअंदाज कर दिया था। लेकिन इस बार सनातन संस्कृति के साथ खिलवाड़ पर कोई छूट नहीं दी जाएगी। अगर पुलिस प्रशासन ने मामले में तत्काल और कठोर कानूनी कार्रवाई नहीं की, तो हिंदू समाज स्वयं दंडित करने के लिए बाध्य होगा।

SP ने दिए जांच और गिरफ्तारी के निर्देश
मामले को लेकर SP कार्यालय पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस के सामने अपनी मांगे रखीं। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया से जुटाए गए सभी आपत्तिजनक वीडियो, स्क्रीनशॉट और तस्वीरें पुलिस अधिकारियों को सौंपी हैं।
अंकुश ठाकुर ने दावा किया कि उनकी मांग पर पुलिस अधीक्षक (SP) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित युवती और वीडियो में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ जांच के बाद गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। हालांकि पुलिस का बयान सामने नहीं आया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन