जोहिला नदी के पत्थरों में फंसा मिला युवक का शव : नहाते समय नदी में बहा, 46 घंटे बाद 7 KM दूर बरामद; SDERF ने चलाया मैराथन रेस्क्यू ऑपरेशन
MP CG Times / Mon, Sep 28, 2026
अनूपपुर जिले के राजेंद्रग्राम थाना क्षेत्र अंतर्गत मौहरी गांव में शनिवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। बमराड़ नदी में नहाते समय अचानक तेज बहाव में लापता हुए युवक की दर्दनाक मौत हो गई है। राज्य आपदा आपातकालीन मोचन बल (SDERF) की टीम ने करीब 46 घंटे चले कड़े रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सोमवार दोपहर 1:10 बजे युवक का शव बरामद कर लिया।
युवक का शव हादसे वाली जगह से करीब 7 किलोमीटर दूर जोहिला नदी की मुख्य धारा में पत्थरों के बीच फंसा हुआ मिला। नदी के तेज बहाव में पत्थरों से टकराने के कारण मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं।

शनिवार शाम से लगातार जारी था सर्च ऑपरेशन, बोट और गोताखोरों की ली गई मदद
घटना शनिवार दोपहर की है, जब युवक मौहरी गांव के पास बमराड़ नदी में नहाने उतरा था। देखते ही देखते वह पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गया और गहराई में समा गया। घटना की सूचना मिलते ही राजेंद्रग्राम पुलिस और SDERF की टीम शनिवार शाम को ही मौके पर पहुंच गई थी।
SDERF की रेस्क्यू टीम ने सर्चिंग बोट और विशेषज्ञ गोताखोरों की मदद से शनिवार शाम से लेकर सोमवार दोपहर तक नदी के दोनों किनारों और बहाव वाले क्षेत्रों में लगातार कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया।

पत्थरों के बीच बहती है जोहिला नदी, वहीं अटका मिला शव
SDERF के प्लाटून कमांडर राम नरेश भवेदी ने बताया कि बमराड़ नदी का पानी आगे जाकर जोहिला नदी में मिलता है।
"जोहिला नदी का क्षेत्र काफी पथरीला है और पानी पत्थरों के बीच से होकर बहता है। तेज बहाव के कारण युवक बहकर 7 किलोमीटर दूर चला गया था और जोहिला नदी के मुख्य प्रवाह में पत्थरों के बीच जा फंसा, जिससे उसका शव वहीं अटका रह गया।"
पंचनामा के बाद पीएम के लिए भेजा गया शव
SDERF की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को पत्थरों के बीच से बाहर निकाला और स्थानीय पुलिस के सुपुर्द किया। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम (Post-Mortem) के लिए अस्पताल भेज दिया है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंपा जाएगा। घटना के बाद से ही गांव और पीड़ित परिवार में मातम पसरा हुआ है।
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन