अनूपपुर हर महीने क्यों नहा रहा खून से ? : लड़की का कत्ल, चश्दीद बना लाश, कुल्हाड़ी से काट रहे कातिल, मरहम वाले नेताजी; पढ़िए 2026 की खूनी क्राइम फाइल्स
MP CG Times / Sun, May 24, 2026
तारीख 20 मई 2026...जगह मध्य प्रदेश का अनूपपुर जिला...बिजुरी थाना क्षेत्र का कोरजा कॉलरी इलाका...जिसने सबकुछ बदल दिया। शाम धीरे-धीरे अंधेरे में बदल रही थी। कोयले की खदानों के पास फैला सुनसान इलाका वीरान पड़ा था। कॉलरी बाउंड्री के किनारे खड़ा बरगद का विशाल पेड़ हवा में झूल रहा था।
दूर मशीनों की आवाजें आ रही थीं, लेकिन उस जगह इंसानों की मौजूदगी लगभग खत्म हो चुकी थी। उसी बरगद के नीचे बैठे थे दो दोस्त। एक नाबालिग लड़की और उसका 17 वर्षीय दोस्त अमन यादव। दोनों बातें कर रहे थे। इसी बीच अमन उसे घर चलने के लिए कह रहा था, लेकिन दोनों कुछ देर और वहीं रुक गए। तभी अंधेरे से दो युवक उनकी तरफ बढ़ते दिखाई दिए।

गालियां... पत्थर... और फिर शुरू हुआ खौफ
दोनों युवक आते ही गाली-गलौज करने लगे। पुलिस जांच में बाद में उनकी पहचान गोलू कुशवाहा और अख्तर अली के रूप में हुई। आरोप है कि दोनों ने लड़की के साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। जब अमन ने विरोध किया तो एक आरोपी ने पास पड़ा पत्थर उठाकर उसके सिर पर दे मारा।
पत्थर लगते ही अमन का सिर फट गया। खून उसके चेहरे पर बहने लगा। वह लड़खड़ाकर जमीन पर गिर पड़ा। लेकिन घायल होने के बावजूद उसने ल़़ड़की को बचाने की कोशिश जारी रखी। इधर आरोपी लड़की को घसीटते हुए नाले की तरफ ले गए।
लड़की की चीखें रोकने के लिए दबाया नाक और मुंह
अंधेरे में लड़की लगातार चिल्ला रही थी...“मुझे छोड़ दो... बचाओ...” लेकिन पुलिस जांच के मुताबिक, आरोपी लूटपाट और कथित बलात्कार की कोशिश कर रहे थे। जब लड़की ने विरोध किया और शोर मचाना शुरू किया तो आरोपियों ने उसकी आवाज दबाने के लिए उसका मुंह और नाक कसकर दबा दिया।
लड़की की सांसें तेजी से चलने लगीं। कुछ ही देर में उसका शरीर ढीला पड़ गया। आरोपी उसे अर्धनग्न हालत में छोड़कर भाग निकले। जाते-जाते वे अमन का मोबाइल, स्कूटी की चाबी और लड़की के कुछ कपड़े भी अपने साथ ले गए।

खून से लथपथ दोस्त चीखता रहा
इधर अमन घायल हालत में किसी तरह उठकर अपनी दोस्त तक पहुंचा। उसका सिर खून से सना हुआ था। वह लगातार दोस्त को उठाने की कोशिश करता रहा। “उठो... आंखें खोलो...!” लेकिन लड़की अंतिम सांसें गिन रही थी।
उस सुनसान इलाके में सिर्फ अमन की चीखें गूंज रही थीं। बाद में स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचना दी गई। लड़की को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दांत से काटा... और वहीं से खुल गया पूरा राज
घटना के दौरान अमन ने हमलावरों का डटकर मुकाबला किया था। हाथापाई के बीच उसने एक आरोपी के सीने पर दांत से काट लिया था। यही निशान बाद में पुलिस जांच का सबसे अहम सुराग बना।
एसपी विक्रांत मुराब के निर्देश पर बिजुरी थाना प्रभारी विकास सिंह ने टीम बनाई। पुलिस ने देर रात लगातार दबिश दी और करीब छह घंटे के भीतर दोनों आरोपियों—गोलू कुशवाहा और अख्तर अली को गिरफ्तार कर लिया। मेडिकल जांच में आरोपी के सीने पर दांत काटने का निशान मिला, जिससे पुलिस को पूरा केस जोड़ने में मदद मिली।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने खोला मौत का सच
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आया कि लड़की की मौत दम घुटने से हुई थी। पुलिस के मुताबिक, उसकी आवाज रोकने के लिए नाक और मुंह इतनी ताकत से दबाया गया कि उसकी सांसें थम गईं।
मामले में हत्या, लूटपाट और छेड़छाड़ सहित कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया। लेकिन इस कहानी का सबसे बड़ा झटका अभी बाकी था...

जिसने दोस्त की हत्या देखी, वही रेलवे ट्रैक पर मृत पड़ मिला
23 मई 2026... और फिर आई दूसरी मौत की खबर। 20 मई की उस खौफनाक रात का सबसे बड़ा गवाह था 17 वर्षीय अमन यादव। वही अमन जिसने अपनी दोस्त को बचाने की कोशिश की थी। वही अमन जिसने पुलिस को पूरी वारदात बताई थी। वही अमन जिसकी गवाही पर दोनों आरोपी गिरफ्तार हुए थे।
लेकिन 23 मई 2026 की सुबह अनूपपुर के बिजुरी इलाके से एक और सनसनीखेज खबर आई। गलैयाटोला रेलवे ट्रैक पर एक किशोर गंभीर हालत में पड़ा मिला। कुछ देर बाद पहचान हुई, वह अमन यादव था।

तड़के 3 बजे रेलवे ट्रैक पर क्या कर रहा था अमन?
घटना सुबह करीब 3 से 3:30 बजे के बीच की बताई गई। जानकारी के मुताबिक, अमन मालगाड़ी की चपेट में आ गया था। टक्कर इतनी तेज थी कि उसका शरीर बुरी तरह जख्मी हो गया।
आरपीएफ बौरीडांड की टीम मौके पर पहुंची और उसे तत्काल छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन कुछ देर बाद अमन ने दम तोड़ दिया।
आरपीएफ शुरुआती तौर पर इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। लेकिन सवाल अब भी बाकी हैं। जिसने दोस्त को बचाने के लिए जान जोखिम में डाली... वह अचानक क्यों टूट गया?

पुलिस के मुताबिक, अमन घटना के बाद से मानसिक तनाव में था। उसने अपनी आंखों के सामने अपनी दोस्त को तड़पते हुए मरते देखा था। खुद पर हमला झेला था। लगातार पुलिस जांच में भी शामिल था।
बिजुरी थाना प्रभारी विकास सिंह ने बताया कि अमन शुक्रवार शाम तक जांच के सिलसिले में थाने में मौजूद था। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आखिर वह रात के 3 बजे सुनसान रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा।
खून की नदिया, नेताजी मरहम लगाने पहुंच रहे
अनूपपुर में लगातार हत्याएं, लूट और रेप की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन जिले नेता, मंत्री और विधायकों के कान में जू तक नहीं रेंगता। समाज में भारी आक्रोश के बाद कुछ नेता, दल-बल और कुछ चेहरों के साथ कानूनी गलबहियां करने जरूर पहुंचते हैं, लेकिन होता कुछ नहीं है। सियासी चोला पहनकर औपचारिकता करने एक चिट्ठी लेकर मरहम लगाने पहुंच रहे हैं।
अब पढ़िए अनूपपुर की क्राइम फ्राइल्स
जनवरी 2026: अमरकंटक क्षेत्र में युवती की संदिग्ध मौत
3 जनवरी 2026 को अनूपपुर जिले के अमरकंटक स्थित एक रिसॉर्ट में 19 वर्षीय युवती कंचन कुमारी मृत मिली थी। युवती उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ की रहने वाली थी। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध मौत का माना गया और पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
17 फरवरी 2026: कॉलेज छात्रा लापता
अनूपपुर जिले के लपटा गांव की रहने वाली 24 वर्षीय काजल पुरी 17 फरवरी को घर से कॉलेज जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिवार ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बाद में यही मामला हत्या में बदल गया।
15 मार्च 2026: सुनसान मकान में मिला शव
15 मार्च 2026 को गोवारी गांव के एक सुनसान मकान से बदबू आने पर पुलिस पहुंची और वहां 24 वर्षीय काजल पुरी का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। जांच में सामने आया कि आरोपी चंद्रभान राठौर उर्फ रवि ने कथित तौर पर शादी के दबाव में पत्थर मारकर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
25 मार्च 2026: महिला की हत्या कर शव पेड़ से लटकाया
मार्च के अंतिम सप्ताह में अनूपपुर के जंगल क्षेत्र में 25 वर्षीय महिला का शव पेड़ से लटका मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि महिला की पहले गला घोंटकर हत्या की गई थी और बाद में आत्महत्या दिखाने के लिए शव को पेड़ पर टांग दिया गया। पुलिस ने सतेंद्र गुप्ता उर्फ संगम को गिरफ्तार किया।
4 अप्रैल 2026: लॉज हादसे में मौत
4 अप्रैल 2026 को कोतमा क्षेत्र में चार मंजिला ‘अग्रवाल लॉज’ ढह गया था। हादसे में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हुई थी और कई लोग मलबे में दब गए थे। हालांकि यह हत्या का मामला नहीं था, लेकिन जिले की बड़ी घटनाओं में शामिल रहा।
14-15 मई 2026: कुल्हाड़ी से डबल मर्डर
14 और 15 मई की दरम्यानी रात बिजुरी थाना क्षेत्र के भालुगुड़ार इलाके में डबल मर्डर हुआ। 35 वर्षीय सुरेंद्र सोनी और 48 वर्षीय लल्ली बाई गोंड की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी सुनील सिंह मार्को उर्फ नंकुनू को छह घंटे के भीतर गिरफ्तार करने का दावा किया। जांच में सामने आया कि आरोपी महिला और मृतक के कथित संबंधों से नाराज था।
21 मई 2026: युवती की हत्या और कथित दुष्कर्म मामला
मई 2026 में अनूपपुर जिले में एक 20 वर्षीय युवती की कथित हत्या और यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक युवती की मौत संघर्ष के दौरान दम घुटने से हुई थी।
23 मई 2026: मुख्य गवाह की रेलवे ट्रैक पर मौत
उसी केस में शिकायतकर्ता और मुख्य गवाह 17 वर्षीय लड़के का शव रेलवे ट्रैक पर मिला। पुलिस इसे शुरुआती तौर पर आत्महत्या मान रही है, लेकिन घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए। परिवार और स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।

विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन