सीहोर स्कूल प्रताड़ना मामला, बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार, सेंट एंजेल स्कूल विवाद, प्राइवेट स्कूल पर कार्रवाई, शिक्षा विभाग की जांच, Sehore private school abuse, Saint Angel School controversy, Children harassment in school MP, School punishment case, MP education department action
होमवर्क नहीं करने पर बच्चों के कपड़े उतरवाए : प्राइवेट स्कूल में अमानवीय व्यवहार, प्रिंसिपल-ड्राइवर को हटाया, एक लाख लगा जुर्माना
Fri, Dec 26, 2025
मध्यप्रदेश के सीहोर जिले के एक निजी स्कूल पर बच्चों के साथ प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगे हैं। अभिभावकों का आरोप है कि होमवर्क नहीं करने पर बच्चों को कपड़े उतरवाकर ठंड में खड़ा किया जाता था। इसके अलावा बच्चों से स्कूल परिसर की सफाई, झाड़ू लगवाने और पेड़-पौधों में पानी डालने जैसे काम भी कराए जाते थे।
मामला सीहोर जिले के जताखेड़ा स्थित सेंट एंजेल स्कूल का है। शिकायत सामने आने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया। जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने शुक्रवार को स्कूल की प्रिंसिपल और ड्राइवर को तत्काल प्रभाव से हटा दिया। साथ ही स्कूल पर 1 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।
इस मामले में बच्चों को बिना कपड़ों के खड़ा किए जाने की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिससे अभिभावकों में भारी आक्रोश देखा गया।
बजरंग दल और सामाजिक संगठनों का प्रदर्शन
शुक्रवार को बजरंग दल और अन्य सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता ग्रामीणों और अभिभावकों के साथ स्कूल पहुंचे और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। हालात को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। शिक्षा विभाग के अधिकारी भी जांच के लिए स्कूल पहुंचे।
अधिकारियों ने स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों से अलग-अलग बातचीत कर घटनाक्रम की जानकारी ली। जांच के बाद DEO ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रिंसिपल और ड्राइवर को हटाने तथा आर्थिक दंड लगाने के आदेश दिए।
पुलिस को सौंपा गया शिकायत पत्र
अभिभावकों और बजरंग दल की ओर से मंडी पुलिस को भी शिकायत पत्र सौंपा गया है। पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच कर वैधानिक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई के भरोसे के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।