मऊगंज आत्महत्या मामला, नवविवाहिता सुसाइड, करुणा द्विवेदी सुसाइड नोट, दहेज प्रताड़ना MP, पति सास पर आरोप, Mauganj suicide case, Newly married woman suicide MP, Karuna Dwivedi suicide note, Dowry harassment case, MP crime news
शादी के 7 महीने बाद ही बहू ने लगाई फांसी : सुसाइड नोट में लिखा- पति को जीवनसाथी माना, लेकिन उसके प्यार-भरोसे का मजाक बनाया, पति पर भी गंभीर आरोप
Fri, Dec 26, 2025
मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले में 24 वर्षीय नवविवाहिता करुणा द्विवेदी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 24 दिसंबर की सुबह उसका शव घर के कमरे में फंदे पर लटका मिला। करुणा ने 10 पेज का सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें उसने पति और सास को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है।
सुसाइड नोट में करुणा ने लिखा है कि वह रोज-रोज की प्रताड़ना से टूट चुकी थी। उसने पति-सास पर मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न के आरोप लगाते हुए लिखा— “मां, बेटे को कभी माफ नहीं करूंगी।”
शादी के कुछ दिन बाद ही शुरू हुई प्रताड़ना
करुणा की शादी 8 मई 2025 को बधैया भलुहा गांव निवासी शिवम मिश्रा से हुई थी। करुणा के भाई कुलदीप द्विवेदी के अनुसार, शादी के महज 15 दिन बाद ही ससुराल पक्ष ने दहेज को लेकर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। आलू-प्याज जैसी छोटी-छोटी चीजों की भी मांग की जाती थी।
करीब एक महीने पहले करुणा मायके आ गई थी और उसने परिवार से साफ कह दिया था कि अब वह ससुराल वापस नहीं जाएगी।
सुसाइड नोट में छलका दर्द
करुणा ने अपने सुसाइड नोट में लिखा कि उसने पति को जीवनसाथी माना था, लेकिन उसी ने उसके प्यार और भरोसे का मजाक बनाया। उसने सवाल किया कि जब पति न समझे, अपनापन न दिखाए और सिर्फ झगड़ा, गाली व मारपीट करे, तो पत्नी कहां जाए।
उसने लिखा कि पति और सास ने उसे इस कदर मानसिक रूप से तोड़ दिया कि जीने की कोई वजह नहीं बची। नोट में पति पर मारपीट, गाली-गलौज, तलाक की धमकी और केवल शारीरिक सुख तक सीमित रहने के आरोप भी लगाए गए हैं।
मायके में ही उठाया आत्मघाती कदम
24 दिसंबर की सुबह परिजनों ने करुणा को कमरे में फंदे पर लटका पाया। चीख-पुकार मचने पर आसपास के लोग जुटे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस जांच में जुटी
हनुमना थाना प्रभारी अनिल काकडे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है। सुसाइड नोट और परिजनों के बयान जांच में लिए गए हैं। मामले की जांच एसडीओपी मऊगंज शचि पाठक कर रही हैं। जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।