फास्ट फूड की लत बनी 11वीं की छात्रा की मौत की वजह : चाऊमीन, मैगी, पिज्जा खाने से आंतों में हुए कई छेद, आप भी हो जाएं सावधान
MP CG Times / Tue, Dec 23, 2025
फास्ट फूड का लगातार सेवन सेहत के लिए कितना खतरनाक हो सकता है, इसका दर्दनाक उदाहरण अमरोहा की 11वीं कक्षा की छात्रा अहाना की मौत है। चाऊमीन, मैगी, पिज्जा और बर्गर खाने की लत ने एक होनहार छात्रा की जान ले ली। इलाज के दौरान दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में अहाना की मौत हो गई।
उत्तर प्रदेश के अमरोहा के मोहल्ला अफगानान निवासी किसान मंसूर खान की सबसे छोटी बेटी अहाना शहर के हाशमी गर्ल्स इंटर कॉलेज में कक्षा 11 की छात्रा थी। परिवार में माता-पिता के अलावा एक भाई और दो बहनें हैं। परिजनों के अनुसार अहाना पढ़ाई में काफी होनहार थी, लेकिन उसे फास्ट फूड खाने का बेहद शौक था।

फास्ट फूड की आदत ने बिगाड़ी सेहत
परिवार का कहना है कि घर में मना करने के बावजूद अहाना अक्सर बाहर का खाना खाती रहती थी। शुरुआत में किसी को अंदाजा नहीं था कि यह आदत इतनी घातक साबित होगी। सितंबर महीने में अचानक अहाना की तबीयत बिगड़ने लगी और उसे पेट में लगातार तेज दर्द रहने लगा।
आंतों में कई जगह हो गए थे छेद
दर्द बढ़ने पर 30 नवंबर को परिजन उसे मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल ले गए। जांच में डॉक्टरों ने बताया कि अहाना की आंतों में कई जगह छेद हो चुके हैं। डॉक्टरों ने इसकी मुख्य वजह लंबे समय तक फास्ट फूड का सेवन बताया। स्थिति गंभीर होने पर छात्रा का ऑपरेशन किया गया, जो सफल रहा और करीब दस दिन बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

AIIMS में इलाज के दौरान मौत
घर लौटने के बाद भी अहाना की हालत में सुधार नहीं हुआ और वह लगातार कमजोर होती चली गई। चार दिन पहले उसकी तबीयत फिर से बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उसे दिल्ली AIIMS लेकर पहुंचे। इलाज के दौरान हालत में कुछ सुधार हुआ, लेकिन रविवार रात अचानक हार्ट फेल होने से उसकी मौत हो गई।
परिवार सदमे में, इलाके में शोक
अहाना के मामा गुलजार खान उर्फ गुड्डू ने बताया कि डॉक्टरों ने साफ तौर पर फास्ट फूड को ही आंतों के खराब होने की मुख्य वजह बताया है। होनहार छात्रा की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
Tags :
Fast food side effects, Fast food addiction death, mroha girl death news, AIIMS Delhi news, Student death due to fast food, Chowmein Maggi health risk, Junk food harmful effects, UP student health news, Intestine hole due to fast food, Teenage girl death news, Fast food danger story, Health warning fast food
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन