नदी के बहाव से ओडिशा भेजने वाले थे सागौन : USTR में स्मार्ट सर्विलांस से नदी के रास्ते तस्करी का पर्दाफाश, नुआपाड़ा के मास्टरमाइंड समेत 3 तस्कर गिरफ्तार
गिरीश जगत। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व (USTR) में वन विभाग ने मानसून पेट्रोलिंग, मुखबिर तंत्र और आधुनिक 'स्मार्ट सर्विलांस सिस्टम' के सटीक इस्तेमाल से अंतर्राज्यीय सागौन तस्करी के एक बड़े और अनोखे नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया है। आरोपी नदी के तेज बहाव में सागौन के भारी लट्ठों का लकड़ी का बेड़ा बनाकर उसे ओडिशा भेजने की फिराक में थे।
वन विभाग ने मुस्तैदी दिखाते हुए अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क के ओडिशा निवासी मास्टरमाइंड समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरी कार्रवाई वन मंत्री केदार कश्यप, PCCF ओम प्रकाश यादव, क्षेत्र निदेशक गुरुनाथन एन और उपनिदेशक वरुण जैन के मार्गदर्शन में अंजाम दी गई।

जंगल में मिला ठूंठ, सर्विलांस कैमरों ने पकड़ी संदिग्ध हलचल
मामले की शुरुआत 22 अगस्त को हुई, जब उत्तर उदंती परिक्षेत्र के कुरूभाठा बीट (कक्ष क्रमांक 03) में गश्त कर रही वन विभाग की टीम को उदंती नदी के किनारे सागौन का एक ताजा कटा ठूंठ दिखाई दिया।
गहन छानबीन करने पर नदी के पानी में अर्जुन के पेड़ की जड़ों से रस्सी से बंधा हुआ सागौन का एक भारी-भरकम लट्ठा बरामद हुआ।
संदेह पक्का होते ही विभाग ने क्षेत्र का स्मार्ट सर्विलांस सिस्टम और कैमरे सक्रिय कर दिए। 26 अगस्त को फुटेज की जांच में दो संदिग्ध व्यक्ति उसी लट्ठे के आसपास चहलकदमी करते दिखाई दिए।
फुटेज के आधार पर पहचान कर मैनपुर के बरगांव निवासी भोजलाल नागेश (38) और गंगाराम विश्वकर्मा (34) को हिरासत में लिया गया।

नदी के बहाव से बेड़ा बनाकर ओडिशा ले जाने की थी 'वाटर प्लानिंग'
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि जंगल से कीमती सागौन काटकर उन्होंने नदी में छिपा रखा था। उनकी योजना बारिश के मौसम में नदी के तेज बहाव के सहारे लट्ठों का बेड़ा बनाकर आसानी से सीमा पार ओडिशा भेजने की थी।
ओडिशा कनेक्शन: सिनापाली से पकड़ाया मुख्य कॉन्ट्रैक्टर
मामले की जांच आगे बढ़ी तो इस पूरे अंतर्राज्यीय गिरोह का मास्टरमाइंड शोभाचन्द्र नायक (50) (निवासी सिनापाली, जिला नुआपाड़ा, ओडिशा) निकला। गरियाबंद पुलिस के सहयोग से वन विभाग की टीम ने सीमा पार दबिश देकर उसे धर दबोचा। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, शोभाचन्द्र पूर्व में भी वन अपराधों में वांटेड रहा है और वही स्थानीय तस्करों को सागौन काटने का कॉन्ट्रैक्ट देता था।
गिरफ्तार आरोपी और जब्ती
भोजलाल नागेश (38 वर्ष, निवासी बरगांव): मुख्य साजिशकर्ता; इसके घर से हाथ आरा और साल की चिरान जब्त।
गंगाराम विश्वकर्मा (34 वर्ष, निवासी बरगांव): सहयोगी; नदी से 0.95 घनमीटर सागौन लट्ठा बरामद।
शोभाचन्द्र नायक (50 वर्ष, निवासी सिनापाली, ओडिशा): तस्करी नेटवर्क का सप्लायर व मुख्य फाइनेंसर।
3 आरोपी अभी भी फरार
वन विभाग ने बताया कि इस केस से जुड़े 3 अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन