Surguja Elephant Attack, Tirang Village Batauli Surguja, Jageshwar urf Mantri Surguja, Ambikapur Medical College Hospital, Elephant Menace Chhattisgarh, Batauli Forest Range, Surguja, CG News
'मंत्री' को हाथी ने दौड़ाया, सूंड से उठाकर पटका, VIDEO : मेडिकल कॉलेज रेफर, हालत खतरे से बाहर; 5 एकड़ करेले की फसल बर्बाद, 5 गांवों में अलर्ट
Tue, Nov 24, 2026
Elephant attacked and slammed villager mantri saving crops in tirang village: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के बतौली वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम टीरंग में सोमवार को एक जंगली नर हाथी ने ग्रामीण युवक
जागेश्वर उर्फ 'मंत्री'
पर हमला कर दिया। खेतों में लगी फसल बचाने के लिए हाथियों के दल को खदेड़ने के दौरान नर हाथी बिफर गया और उसने 'मंत्री' को दौड़ाकर जमीन पर पटक दिया।
इस हमले में जागेश्वर उर्फ 'मंत्री' घायल हो गया। सूचना पर पहुंची डायल-112 की टीम ने उसे तत्काल बतौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार 'मंत्री' की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
जशपुर से आए 3 हाथियों के दल ने मचाया उत्पात, 5 एकड़ की फसल रौंदी
जानकारी के मुताबिक, जशपुर वन परिक्षेत्र से तीन हाथियों का एक दल सरगुजा रेंज में दाखिल हुआ है, जिसमें एक नर, एक मादा और एक शावक (बच्चा हाथी) शामिल है।
फसल खदेड़ते वक्त 'मंत्री' पर हुआ हमला
सोमवार को यह दल टीरंग गांव पहुंच गया और खेतों में लगी फसल को नुकसान पहुंचाने लगा। ग्रामीण शोर मचाकर हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास कर रहे थे, तभी दल में शामिल नर हाथी ने जागेश्वर उर्फ 'मंत्री' को दौड़ाकर पटक दिया।
हाथियों ने टीरंग गांव के एक किसान के करीब 5 एकड़ खेत में लगी करेले की फसल को पूरी तरह रौंदकर बर्बाद कर दिया। बाद में ग्रामीणों के शोर मचाने पर हाथी गांव से बाहर निकले।
दल से बिछड़ा नर हाथी अकेला घूम रहा, 5 गांवों में मुनादी कर किया अलर्ट
ग्रामीणों द्वारा खदेड़े जाने के बाद मादा हाथी और उसका बच्चा लुंड्रा वन परिक्षेत्र की ओर बढ़ गए हैं, जबकि हमलावर नर हाथी दल से बिछड़कर जंगल में अकेला विचरण कर रहा है। अकेले घूम रहे नर हाथी के ज्यादा आक्रामक होने की आशंका के चलते वन विभाग पूरी तरह सतर्क है।
सहायक रेंज अधिकारी (बतौली) पालेश्वर राम का बयान
"नर हाथी शाम से ही दल से अलग होकर अकेला विचरण कर रहा है, वन विभाग की टीम लगातार उसकी लोकेशन ट्रेस कर रही है। वहीं दो हाथी लुंड्रा की ओर चले गए हैं। एहतियात के तौर पर चेउरपानी, नावापारा, घोघरा, बांसाझाल और मानपुर गांव के ग्रामीणों को अलर्ट कर जंगल की ओर न जाने की अपील की गई है।"