मुरैना गोलीकांड, नाबालिग से चली गोली, पोरसा हादसा, 7 साल के बच्चे की मौत, लाइसेंसी राइफल से फायर, Morena accidental firing, Minor boy rifle firing, Child killed in Morena, Licensed rifle accident MP, Porsa police case
खेल-खेल में राइफल से चली गोली : 7 साल के बच्चे की मौत, 14 साल के नाबालिग ने की फायरिंग
Sun, Dec 28, 2025
मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। पोरसा थाना क्षेत्र के संजय नगर में खेल-खेल में 14 वर्षीय नाबालिग से राइफल चल गई, जिससे साथ खेल रहे 7 साल के बच्चे की सिर में गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई।
घटना शनिवार रात करीब 10 बजे की है। किराएदार धर्मराज सिंह तोमर का बेटा ऋषभ तोमर (7) मकान मालिक के दो बेटों के साथ घर की दूसरी मंजिल पर खेल रहा था। इसी दौरान मकान मालिक के बेटे ने कमरे की दीवार पर टंगी अपने पिता की 315 बोर लाइसेंसी राइफल उतार ली और उससे खेलने लगा। अचानक राइफल से फायर हो गया, जिसकी गोली सीधे ऋषभ के सिर में जा लगी।
गोली लगते ही बच्चे की मौत
गोली लगते ही ऋषभ का सिर फट गया और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। बच्चे को खून से लथपथ जमीन पर पड़ा देख सभी के होश उड़ गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोरसा मर्चुरी भेजा गया। रविवार को पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पुलिस ने राइफल जब्त कर ली है और नाबालिग के पिता को पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया है।
प्राइवेट गार्ड है आरोपी नाबालिग का पिता
पुलिस के अनुसार, नाबालिग का पिता प्राइवेट गार्ड है, इसी कारण उसके पास 315 बोर की लाइसेंसी राइफल थी। वह शुक्रवार को ही छुट्टी लेकर पोरसा आया था और शनिवार को राइफल घर में रखकर गांव धरमपुरा चला गया था। रात में बच्चे के हाथ राइफल लगने से यह हादसा हो गया।
परिजनों ने लगाए हत्या के आरोप
मृतक ऋषभ के परिजनों ने इस घटना को हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि घटना में दूसरी राइफल का इस्तेमाल हुआ है, जिसे लेकर मकान मालिक फरार हो गया। हालांकि पुलिस इस दावे की जांच कर रही है।
एक से ज्यादा गोली के निशान, FSL जांच जारी
थाना प्रभारी दिनेश कुशवाह ने बताया कि जांच के दौरान कमरे में रखी अलमारी पर गोली के निशान मिले हैं। एक से अधिक निशान मिलने से पुलिस भी हैरान है। एफएसएल टीम से सलाह लेकर पूरे क्राइम सीन का विश्लेषण किया जा रहा है, ताकि फायरिंग की वास्तविक स्थिति और घटनाक्रम स्पष्ट हो सके।