गौरीशंकर कश्यप को जान से मारने की धमकी गरियाबंद जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप न्यूज़ गरियाबंद इंस्टाग्राम धमकी मामला देवभोग पुलिस शिकायत जिला पंचायत अध्यक्ष घर की रेकी गरियाबंद क्राइम न्यूज़ देवभोग थाना प्रभारी इंस्टाग्राम पर जान से मारने की धमकी छत्तीसगढ़ गरियाबंद समाचार
गरियाबंद में कौन चाह रहा कत्ल करना ? : जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप को इंस्टाग्राम पर जान से मारने की धमकी, घर की रेकी का भी
Mon, Nov 9, 2026
गरियाबंद।
गरियाबंद जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम पर उनकी एक पोस्ट के नीचे न सिर्फ अशोभनीय और आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं, बल्कि देवभोग आकर उन्हें मारने की धमकी भी दी गई है।
इस मामले में जिला पंचायत अध्यक्ष ने समर्थकों के साथ देवभोग थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने इससे पहले अपने निवास की रेकी किए जाने की घटना का भी जिक्र किया है। उनका आरोप है कि उस समय पुलिस को सूचना देने और सीसीटीवी फुटेज की जांच की मांग करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई।भाजपा कार्यक्रम के वीडियो पर की गई अभद्र टिप्पणी
जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप के मुताबिक, करीब एक सप्ताह पहले भाजपा संगठन के एक कार्यक्रम में उनके संबोधन का वीडियो इंस्टाग्राम आईडी पर पोस्ट किया गया था। इस पोस्ट पर 'राठौर उग्रसेन' नाम की आईडी से कई आपत्तिजनक और अशोभनीय टिप्पणियां की गईं।
आरोप है कि टिप्पणी करने वाले व्यक्ति ने पोस्ट पर अपशब्द लिखने के साथ देवभोग आकर मारने की धमकी भी दी। सोशल मीडिया पर इस तरह की टिप्पणी सामने आने के बाद अध्यक्ष और उनके समर्थकों ने नाराजगी जताई। मामले को गंभीरता से लेते हुए गौरीशंकर कश्यप समर्थकों के साथ देवभोग थाने पहुंचे और वर्तमान थाना प्रभारी दिलीप मेश्राम को लिखित शिकायत सौंपी।
22 अक्टूबर को घर के बाहर पहुंची थी आर्टिका कार
शिकायत में जिला पंचायत अध्यक्ष ने 22 अक्टूबर को हुई एक अन्य घटना का भी उल्लेख किया है। उनके अनुसार, उस दिन एक आर्टिका कार उनके निवास के आसपास पहुंची थी। कार में सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों ने उनके घर की रेकी की थी।
बताया गया कि इसी दौरान घर से लघुशंका के लिए बाहर निकले उनके पिता को देखकर कार सवार दोनों व्यक्ति वहां से भाग निकले। घटना संदिग्ध लगने पर अध्यक्ष ने तत्कालीन थाना प्रभारी दिव्या पैकरा को इसकी सूचना दी थी। उन्होंने घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कराने की मांग भी की थी।
तत्कालीन थाना प्रभारी पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप
गौरीशंकर कश्यप ने आरोप लगाया कि 22 अक्टूबर की घटना की सूचना देने और सीसीटीवी फुटेज की जांच की मांग करने के बावजूद तत्कालीन थाना प्रभारी की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उनका कहना है कि यदि उस समय मामले को गंभीरता से लिया जाता और संदिग्ध कार की पहचान करने का प्रयास किया जाता तो घटना से जुड़ी जानकारी सामने आ सकती थी।
अब सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी मिलने के बाद उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जाहिर की है। अध्यक्ष ने इस पूरे मामले को गंभीर बताते हुए पुलिस अधीक्षक से भी चर्चा की है और शिकायत पर उचित कार्रवाई की मांग की है।
साइबर सेल से कराई जाएगी जांच
इस संबंध में देवभोग थाना प्रभारी दिलीप मेश्राम ने बताया कि जिला पंचायत अध्यक्ष की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत की जानकारी उच्च अधिकारियों को भेजकर मार्गदर्शन लिया जा रहा है। सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों और धमकी से जुड़े मामले की जांच साइबर सेल को सौंपी जाएगी।
फिलहाल पुलिस की ओर से शिकायत के आधार पर आगे की जांच की प्रक्रिया की जा रही है। जांच के बाद ही इंस्टाग्राम आईडी संचालित करने वाले व्यक्ति और 22 अक्टूबर को निवास के आसपास पहुंची कार के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।