Bangladesh Hindu killing, Narsingdi violence, Hindu shopkeeper murdered, minority attack Bangladesh, religious violence, बांग्लादेश हिंदू हत्या, नरसिंदी हिंसा, हिंदू दुकानदार की हत्या, अल्पसंख्यक पर हमला, धार्मिक हिंसा
बांग्लादेश में 18 दिन में 6 हिंदुओं को मार डाला : दुकानदार की धारदार हथियार से हत्या, कारोबारी को मारी गोली, विधवा से गैंगरेप भी
Tue, Jan 6, 2026
बांग्लादेश के नरसिंदी जिले में सोमवार रात एक हिंदू दुकानदार की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय शरत चक्रवर्ती मणि के रूप में हुई है। यह घटना पलाश उपजिला के चारसिंदूर बाजार की है, जहां मणि अपनी किराना दुकान चलाते थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात अज्ञात हमलावर अचानक दुकान पर पहुंचे और शरत चक्रवर्ती मणि पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल मणि को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
फेसबुक पोस्ट में जताई थी हिंसा की आशंका
बताया जा रहा है कि 19 दिसंबर को शरत चक्रवर्ती मणि ने फेसबुक पर एक पोस्ट साझा कर देश में बढ़ती हिंसा पर चिंता जताई थी। उन्होंने अपने इलाके को “मौत की घाटी” तक बताया था। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
18 दिनों में छठे हिंदू की हत्या
यह मामला इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है क्योंकि बीते 18 दिनों में यह छठा हिंदू व्यक्ति है, जिसकी हत्या बांग्लादेश में हुई है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने अल्पसंख्यक समुदाय की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जेसोर में भी हिंदू कारोबारी की गोली मारकर हत्या
इससे एक दिन पहले, 5 जनवरी को जेसोर जिले के मोनिरामपुर इलाके में एक और हिंदू व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक राणा प्रताप बैरागी कपलिया बाजार में आइस फैक्ट्री चलाते थे और एक स्थानीय अखबार के कार्यकारी संपादक भी थे।
जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार तीन हमलावर उन्हें फैक्ट्री से बाहर बुलाकर एक गली में ले गए और सिर में नजदीक से गोली मार दी। मौके से पुलिस ने सात खाली कारतूस बरामद किए हैं।
हिंदू विधवा से गैंगरेप का मामला भी सामने आया
इसी बीच 3 जनवरी को बांग्लादेश के झेनाइदह जिले के कालीगंज इलाके में 44 वर्षीय एक हिंदू विधवा महिला से गैंगरेप की घटना सामने आई। आरोपियों ने दुष्कर्म के बाद महिला को पेड़ से बांधकर पीटा और उसके बाल काट दिए। इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।