शहडोल में पुरानी रंजिश में चाचा-भतीजे पर चढ़ाया ट्रैक्टर, मौत : घर के बाहर बैठे थे दोनों, परिजन बोले- एक्सीडेंट नहीं, सोची-समझी हत्या; एसपी बोले- दबिश जारी
MP CG Times / Tue, Aug 4, 2026
मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। देवलोंद थाना क्षेत्र के ग्राम धरी नंबर-01 में सोमवार को पुरानी रंजिश के चलते दबंगों ने घर के बाहर बैठे चाचा-भतीजे पर बेकाबू रफ्तार से ट्रैक्टर चढ़ा दिया।
इस खौफनाक हमले में चाचा रामप्रताप कोरी (45 वर्ष) की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका भतीजा दुर्गा कोरी गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

अचानक ट्रैक्टर लेकर पहुंचे आरोपी, रंजिश में रची गई खूनी साजिश
स्थानीय लोगों और पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार को रामप्रताप कोरी और उनका भतीजा दुर्गा कोरी अपने घर के बाहर शांति से बैठे हुए थे।
आरोप है कि गांव में लंबे समय से चल रही पुरानी दुश्मनी के चलते आकाश बैस और मयंक कोरी ट्रैक्टर लेकर वहां पहुंचे और सीधे दोनों पर वाहन चढ़ा दिया।
ट्रैक्टर से कुचले जाने के कारण दोनों लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। ग्रामीणों की मदद से उन्हें तुरंत बाणसागर परियोजना अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद चाचा रामप्रताप को मृत घोषित कर दिया। वहीं भतीजे दुर्गा कोरी की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
परिजनों का गंभीर आरोप— 'यह हादसा नहीं, सोची-समझी हत्या है'
घटना के बाद अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के परिजनों ने साफ तौर पर कहा कि यह कोई सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए की गई सोची-समझी प्लानिंग (हत्या) है।
परिजनों के बयान और मौके के हालात को देखते हुए देवलोंद थाना पुलिस ने आरोपी आकाश बैस और मयंक कोरी के खिलाफ हत्या (धारा 302/बीएनएस) का अपराध दर्ज कर लिया है।

गांव और अस्पताल में पुलिस बल तैनात
घटना की खबर फैलते ही अस्पताल और गांव धरी-01 में भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। माहौल को भांपते हुए एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
एसपी बोले— आरोपी जल्द होंगे गिरफ्तार
शहडोल एसपी संजय कुमार अग्रवाल का कहना है कि, "घटना के बाद से ही दोनों नामजद आरोपी फरार हैं। पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर साक्ष्य जुटाए गए हैं। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन