अनूपपुर में बेरहम बाप ने बेटी को जहर देकर मार डाला : 3 साल की मासूम बोली- 'पापा ने दवाई पिलाई है', पुलिस केस के डर से आरोपी ने भी पिया कीटनाशक
मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गौरेला से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपनी ही 3 साल की मासूम बेटी को पानी में जहर मिलाकर पिला दिया। जिला अस्पताल में करीब 24 घंटे चले इलाज के बाद शुक्रवार शाम 7 बजे मासूम ने दम तोड़ दिया।
बेटी की मौत और पुलिस में केस दर्ज होने की खबर सुनकर आरोपी पिता मोहित सिंह गोंड (पिता फूल सिंह गोंड) ने भी शुक्रवार देर रात अपने घर में कीटनाशक पी लिया। परिजन उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है।

धान की कटाई करने मायके गई थी पत्नी, बिना बताए ससुराल पहुंचा था आरोपी
मृत बच्ची की बड़ी मां मानवती सिंह गोंड ने बताया कि केकरपानी निवासी मोहित की पत्नी सुशीला सिंह गोंड अपने माता-पिता की इकलौती संतान है। वह ससुराल और मायके में बारी-बारी से रहती है।
दीपावली से पहले सुशीला धान काटने अपने मायके (गौरेला) गई थी और अभी तक वापस नहीं लौटी थी। सास फूलबाई ने भी उसे ससुराल में धान की कटाई चलने की बात कहकर जल्दी लौटने को कहा था।
12 नवंबर की शाम मोहित घरवालों को बिना बताए करीब 2 किलोमीटर दूर गौरेला स्थित अपनी ससुराल पहुंचा। उस वक्त घर पर सिर्फ 3 साल की बेटी थी। मोहित ने बेटी से पीने के लिए पानी मांगा। बच्ची जब पानी लेकर आई, तो मोहित ने पहले खुद थोड़ा पानी पिया और फिर उसमें जहर मिलाकर बेटी को भी पिला दिया।

नानी से बोली मासूम- 'पापा ने दवाई पिलाई है', 24 घंटे बाद तोड़ा दम
शाम करीब 6 बजे जब बच्ची की नानी सुमित्रा बाई सिंह धान की कटाई कर घर लौटीं, तो मासूम ने उन्हें बताया कि "पापा ने दवाई पिलाई है।" इसके कुछ ही देर बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ने लगी।
परिजन तुरंत बाइक से बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतहरी ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद रात 9 बजे उसे जिला अस्पताल अनूपपुर रेफर किया गया। करीब 24 घंटे जिंदगी और मौत से जूझने के बाद शुक्रवार शाम 7 बजे बच्ची की मौत हो गई।
शनिवार दोपहर मायके और ससुराल पक्ष के लोग जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस सहायता केंद्र ने परिजनों के बयान दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस केस के डर से कमरे में बंद हुआ आरोपी, रात 1 बजे पी लिया कीटनाशक
बच्ची के बड़े ताऊ नेमू सिंह ने घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार रात करीब 10 बजे वे घर पहुंचे और मोहित से ससुराल वालों द्वारा लगाए जा रहे आरोपों के बारे में पूछा।
"मैंने मोहित से कहा कि बच्ची की हालत गंभीर है और ससुराल वालों की शिकायत पर पुलिस में केस दर्ज हो रहा है। पुलिस का नाम सुनते ही वह डर गया और अपने कमरे में जाकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। हमने ग्रामीणों और सरपंच को बुलाकर दरवाजा खुलवाने की काफी कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। रात करीब 1 बजे उसने खुद दरवाजा खोला और जमीन पर गिर पड़ा। वह कह रहा था कि मेरी बेटी नहीं बची, इसलिए मैंने भी जहर पी लिया है।"
फ़िलहाल, पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी पिता ने अपनी मासूम बेटी को जहर क्यों पिलाया, इसके पीछे के सटीक कारणों का खुलासा उसके होश में आने और बयान दर्ज होने के बाद ही हो सकेगा।
संबंधित ख़बरें
शहडोल में कारोबारी के घर में 5 लाख की चोरी : दीवार में छेद कर अंदर घुसे, बच्चों की शादी के लिए रखे सोना-चांदी और कैश ले उड़े चोर
राजेंद्रग्राम में बोलेरो ने बाइक सवार को कुचला, 1 की मौत : डिंडोरी का रहने वाला था, दोस्त गंभीर; रिश्तेदारी से लौटते समय लखौरा के पास हुआ हादसा
अमरकंटक में 22 साल के युवक ने लगाई फांसी : घर की छत में पाइप से लटका मिला शव; प्रेम प्रसंग में तनाव की आशंका, युवती को साथ सूरत ले जाना चाहता था
Amit Jogi Objectionable Video Controversy : अमित जोगी के विवादित वीडियो पोस्ट पर बवाल, PM मोदी और CEC की 'सांकेतिक शादी' दिखाई, BJP ने दर्ज कराई FIR
महिला की जलती चिता पर तंत्र-मंत्र : अघोरी बाबा ने सिर और हड्डियां किए गायब, परिजनों ने लात-घूंसों से पीटा; बाल पकड़े, जमीन पर घसीटा
शहडोल में पुलिसकर्मियों पर वकील को लाठियों से पीटने का आरोप : दुर्गा पंडाल से लौट रहे थे अधिवक्ता, खून से लथपथ तस्वीरें आईं सामने, वर्दी पर भी लगे धब्बे, हंगामा
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन