बॉयफ्रेंड ने बीच सड़क पर गर्लफ्रेंड पर पेट्रोल उड़ेलकर लगाई आग : मेकाहारा में जिंदगी-मौत से जूझ रही महिला, 2021 से चल रहा था अफेयर, सास पर फावड़े से हमला कर चुका है आरोपी
राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक युवक ने अपनी ही गर्लफ्रेंड पर बीच सड़क पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा दी। आग की लपटों से घिरी महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाकर उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
पीड़िता की पहचान आरंग निवासी राजकुमारी साहू के रूप में हुई है। गंभीर रूप से झुलसी महिला को रायपुर के डॉ. बी.आर. अंबेडकर स्मृति अस्पताल (मेकाहारा) में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। वहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

चीख सुनकर पहुंचे राहगीर, जलती महिला को बचाया
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी का नाम वीरू धीवर है, जो आरंग का रहने वाला है। रविवार रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद वीरू ने अपने पास मौजूद पेट्रोल महिला पर उड़ेल दिया और माचिस मार दी।
मौके पर मची अफरा-तफरी: आग की लपटों से घिरी राजकुमारी ने मदद के लिए शोर मचाया। आवाज सुनकर राहगीर और स्थानीय लोग दौड़े और पानी-कपड़े की मदद से आग बुझाई।
अस्पताल में इलाज जारी: महिला का शरीर कई हिस्सों में काफी गंभीर रूप से झुलस चुका है। डॉक्टरों की विशेष टीम निगरानी में उसका इलाज कर रही है।
2021 से चल रहा था अफेयर, सास पर फावड़े से हमला कर चुका है आरोपी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अभिषेक झा ने बताया कि आरोपी वीरू धीवर और राजकुमारी साहू का अफेयर वर्ष 2021 से पहले से चल रहा था।
पुराना आपराधिक रिकॉर्ड: आरोपी वीरू के खिलाफ आरंग थाने में पहले भी केस दर्ज हो चुका है। उसने राजकुमारी साहू की सास पर फावड़े से जानलेवा हमला किया था, जिसमें उस पर हत्या के प्रयास (धारा 307) की कार्रवाई की गई थी।
पति से अलग रह रही थी महिला: उस घटना के बाद से राजकुमारी अपने पति व ससुराल पक्ष से अलग रह रही थी, लेकिन इसके बाद भी उसका वीरू के साथ संपर्क और संबंध जारी था। घटना वाले दिन भी दोनों साथ में ही घूम रहे थे।
आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश, CCTV खंगाल रही पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए माना थाना पुलिस ने आरोपी वीरू धीवर के खिलाफ हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) की धारा के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
घटनास्थल और उसके आसपास के रूट में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपी के भागने की दिशा का सटीक सुराग मिल सके।
पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा, जिसके बाद ही वारदात के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन