पेंड्रा में कोयला लोड ट्रेलर ने उजाड़ा हंसता-खेलता परिवार : ओवरटेक के चक्कर में स्कूटी सवार पिता-बेटे को रौंदा, मौके पर मौत; मां जिला अस्पताल में गंभीर
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM)। पेंड्रा नगर के मुख्य मार्ग पर बुधवार सुबह रफ्तार का बेहद खौफनाक तांडव देखने को मिला। कोयले से ओवरलोड और तेज रफ्तार में आ रहे एक बेकाबू ट्रेलर ने स्कूटी सवार परिवार को बेरहमी से अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार पिता-पुत्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल है।
इस हादसे ने एक बार फिर पेंड्रा नगर के भीतर भारी वाहनों के प्रवेश और बहुप्रतीक्षित बाईपास निर्माण की मांग को लेकर सुलग रहे जनांदोलन की आग में घी डालने का काम किया है।

ओवरटेक के चक्कर में कुचला गया परिवार, मौके पर टूटी सांसें
हादसा पेंड्रा नगर के राय पेट्रोल पंप के पास मुख्य मार्ग पर हुआ। कुडकई गांव के रहने वाले तेरस भरिया (35 वर्ष) अपनी पत्नी और बेटे राजू भरिया (14 वर्ष) के साथ स्कूटी पर सवार होकर पेंड्रा आ रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मुख्य मार्ग पर सामने से आ रहे एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने के चक्कर में कोयले से भरे बेकाबू ट्रेलर के चालक ने स्कूटी को सीधी और जोरदार टक्कर मार दी। तीनों सड़क पर काफी दूर जाकर गिरे। इस हृदयविदारक हादसे में तेरस और उनके मासूम बेटे राजू की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई, जबकि तेरस की पत्नी लहूलुहान हालत में सड़क पर तड़पती रहीं।

लोगों ने खदेड़कर पकड़ा ट्रेलर, ड्राइवर पुलिस के हवाले
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों का भारी हुजूम इकट्ठा हो गया। गुस्साए लोगों ने भाग रहे कोयला लोड ट्रेलर को खदेड़ा और शिशु मंदिर के पास घेरकर रोक लिया।
लोगों ने ट्रेलर के ड्राइवर को पकड़कर तत्काल मौके पर पहुंची डायल-112 और पुलिस के हवाले कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे के बाद भड़का गुस्सा: 10 जुलाई से भूख हड़ताल पर हैं लोग
इस दर्दनाक हादसे के बाद पेंड्रा बाईपास निर्माण की मांग को लेकर स्थानीय निवासियों और आंदोलनकारियों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। लोगों का कहना है कि नगर के भीतर बाईपास सड़क न होने के कारण भारी और बेलगाम वाहन शहर के मुख्य मार्ग से होकर गुजरते हैं, जो आए दिन मासूमों को अपनी चपेट में ले रहे हैं।
13 किमी लंबा बाईपास केवल कागजों में
गौरतलब है कि वर्षों पहले पेंड्रा के लिए 13 किलोमीटर लंबे बाईपास मार्ग के निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है, लेकिन प्रशासनिक और शासकीय उदासीनता के चलते अब तक काम शुरू नहीं हो सका है। इसी मांग को लेकर जिला प्रेस क्लब गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के नेतृत्व में बीते 10 जुलाई से क्रमिक भूख हड़ताल और बड़ा जनआंदोलन जारी है। बुधवार को हुए इस दोहरे हत्याकांड के बाद अब आंदोलनकारी बाईपास का काम तत्काल शुरू करने की जिद पर अड़ गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन