तहसीलदार के बेटे की सड़क हादसे में मौत : तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, कॉम्पिटिटिव एग्जाम की कर रहा था तैयारी
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में जिला कोर्ट के सामने निर्माणाधीन भवन से निकल रहे एक ट्रक ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है।
मृतक की पहचान मणिंद्र भूषण सिंह श्याम (23) के रूप में हुई है, जो राजनांदगांव जिले के छुरिया का निवासी था। उसके पिता हनुमंत सिंह श्याम तहसीलदार हैं और वर्तमान में बालोद जिले के गुरूर ब्लॉक में पदस्थ हैं। मणिंद्र बिलासपुर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था।

सुबह घूमने निकला था, अचानक सामने आया ट्रक
जानकारी के अनुसार, मणिंद्र मंगलवार तड़के करीब 4 बजे बाइक से घूमने निकला था। जब वह कलेक्ट्रेट के पास जिला कोर्ट के सामने पहुंचा, तभी निर्माणाधीन कोर्ट बिल्डिंग से एक ट्रक बाहर निकल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चालक ने सड़क पर दोनों ओर देखे बिना ट्रक को मेन रोड पर बढ़ा दिया, जिससे बाइक और ट्रक में सीधी टक्कर हो गई।
अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल छात्र को तत्काल सिम्स अस्पताल भिजवाया, जहां करीब एक घंटे तक इलाज चला, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

निर्माण कार्य के लिए आया था ट्रक
पुलिस के अनुसार, ट्रक (क्रमांक CG29AC0934) निर्माणाधीन जिला कोर्ट भवन के लिए मटेरियल लेकर आया था। आयकर विभाग की पुरानी बिल्डिंग की जगह नए कोर्ट भवन का निर्माण किया जा रहा है। मटेरियल खाली करने के बाद ट्रक बाहर निकल रहा था, तभी हादसा हुआ।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले में ट्रक चालक की भूमिका और निर्माण स्थल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जांच की जा रही है।
Tags :
बिलासपुर सड़क हादसा, बिलासपुर छात्र की मौत, कोर्ट बिल्डिंग निर्माण हादसा, ट्रक बाइक एक्सीडेंट बिलासपुर, तहसीलदार के बेटे की मौत, सिविल लाइन थाना बिलासपुर, छत्तीसगढ़ ताजा हादसा खबर, Bilaspur road accident, Bilaspur student dies, court building construction accident, truck bike accident Bilaspur, Tehsildar's son dies, Civil Line Police Station Bilaspur, Chhattisgarh latest accident news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन