Gariaband Sarpanch Protest, MGNREGA Pending Payment Gariaband, Harish Sahu Sarpanch Sangh Gariaband, Gariaband News, CG Panchayat News, Tiranga Chowk Gariaband
गरियाबंद में कटोरा लेकर सड़क पर उतरे सरपंच : मनरेगा के 30 करोड़ समेत पंचायतों का भुगतान 8 महीने से अटका, तिरंगा चौक पर प्रदर्शन, चक्काजाम की चेतावनी
Mon, Nov 2, 2026
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले की ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों का रुका भुगतान और गहराते आर्थिक संकट को लेकर सोमवार को जिला सरपंच संघ के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों का गुस्सा फूट पड़ा। जिलेभर से पहुंचे सरपंचों, उपसरपंचों और पंचों ने हाथों में कटोरा और मांगों की तख्तियां लेकर कलेक्ट्रेट से तिरंगा चौक तक जोरदार विरोध रैली निकाली।
पंचायतों की आर्थिक बदहाली और खाली खजाने को प्रतीकात्मक रूप से दर्शाने के लिए जनप्रतिनिधि सड़क पर कटोरा लेकर बैठ गए और शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
8 महीने से अटका है मनरेगा का 30 करोड़ रुपए
जिला सरपंच संघ द्वारा सौंपे गए ज्ञापन के अनुसार, जिले की ग्राम पंचायतों में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत लगभग 30 करोड़ रुपए के निर्माण और मजदूरी के कार्य कराए जा चुके हैं।
मनरेगा की मजदूरी और सामग्री भुगतान की राशि पिछले करीब 8 महीनों से लंबित है।
मूलभूत फंड और 16वें वित्त आयोग की राशि जारी न होने से पंचायतों का दैनिक संचालन और स्ट्रीट लाइट, सफाई जैसे बुनियादी विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़ गए हैं।
मूल्यांकन और सत्यापन (मूल्यांकन पूर्ण) होने के बाद भी निर्माण कार्यों का भुगतान 5-6 महीने से रुका है। वहीं उपसरपंचों, पंचों और पंचायत कर्मचारियों का मानदेय भी महीनों से नहीं मिला है।
दीपावली से पहले भुगतान और फसल क्षति मुआवजे की मांग
सरपंच संघ ने मुख्यमंत्री, पंचायत मंत्री और कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर दीपावली त्योहार से पहले सभी लंबित बकाए के निपटारे की मांग की है।
प्रमुख मांगें:
मनरेगा की 30 करोड़ रुपए की लंबित मजदूरी और सामग्री राशि तत्काल जारी की जाए।
मूलभूत एवं 16वें वित्त आयोग की राशि पंचायतों को उपलब्ध कराई जाए।
पंच-उपसरपंच का रुका मानदेय और पंचायत कर्मियों का बकाया वेतन दिया जाए।
हाल ही में हुई बेमौसम बारिश से तबाह हुई फसलों का सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए।
मांगे न मानने पर कलेक्ट्रेट घेराव और चक्काजाम की चेतावनी
जिला सरपंच संघ के अध्यक्ष हरीश साहू ने कहा कि पंचायतों में काम कराने के बावजूद सरकार से पैसा न मिलने के कारण सरपंचों पर कर्जदारों का दबाव बढ़ रहा है और वे गंभीर आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं।
संघ ने चेतावनी दी है कि यदि दीपावली से पहले मांगों का समाधान नहीं हुआ, तो पूरा सरपंच संघ लोकतांत्रिक तरीके से उग्र आंदोलन की रणनीति बनाएगा, जिसके तहत जिला कलेक्ट्रेट का घेराव और राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम किया जाएगा।
प्रदर्शन में ये रहे शामिल
इस उग्र प्रदर्शन में जिला सरपंच संघ के अध्यक्ष हरीश साहू, संरक्षक पन्ना लाल ध्रुव, कार्यकारी अध्यक्ष कोमल देव ध्रुव, कोषाध्यक्ष हलमन ध्रुवा, सचिव पवन सिंह यादव, जिला उपाध्यक्ष पद्मा मोती निषाद (फिंगेश्वर), घनश्याम मरकाम (मैनपुर), चम्पेश्वर ध्रुव (छुरा), नरेंद्र ध्रुव (गरियाबंद) और रोशनी प्रधान (देवभोग) समेत सैकड़ों की संख्या में त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।