Anuppur Road Accident, Rajendragram News, Lakhaura Accident Anuppur, Bolero Bike Collision, Dindori Youth Died in Anuppur, Anuppur
राजेंद्रग्राम में बोलेरो ने बाइक सवार को कुचला, 1 की मौत : डिंडोरी का रहने वाला था, दोस्त गंभीर; रिश्तेदारी से लौटते समय लखौरा के पास हुआ हादसा
Thu, Nov 12, 2026
मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। राजेंद्रग्राम थाना क्षेत्र अंतर्गत लखौरा गांव के पास गुरुवार दोपहर एक तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
इस भीषण सड़क हादसे में बाइक चला रहे 28 वर्षीय मिथिलेश वनवासी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा उसका दोस्त नरेंद्र सिंह परस्ते (25) गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद आरोपी बोलेरो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को राजेंद्रग्राम स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
रिश्तेदारी में शामिल होने आए थे दोनों दोस्त, दूसरे गांव जाते वक्त हुआ हादसा
राजेंद्रग्राम थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार बरकडे ने बताया कि मृतक मिथिलेश वनवासी मूल रूप से डिंडोरी जिले के सिंगोली का रहने वाला था। मिथिलेश अपने दोस्त नरेंद्र सिंह परस्ते के साथ शिवरी चंदास गांव में एक रिश्तेदारी के कार्यक्रम में शामिल होने आया था।
गुरुवार दोपहर दोनों बाइक से शिवरी चंदास से निकलकर परसेलकलां स्थित एक अन्य रिश्तेदार के घर जा रहे थे, तभी लखौरा के पास वे हादसे का शिकार हो गए।
बेनीबारी की ओर से आ रही बोलेरो ने मारी टक्कर, ड्राइवर फरार
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, दोनों युवक राजेंद्रग्राम के रास्ते परसेलकलां की ओर बढ़ रहे थे, तभी लखौरा गांव के पास बेनीबारी की ओर से आ रही बोलेरो (क्रमांक MP 18 T 3357) ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि बोलेरो धीरूटोला से राजेंद्रग्राम की तरफ जा रही थी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चला रहे मिथिलेश को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस टीम ने तत्काल दोनों को राजेंद्रग्राम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मिथिलेश को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बोलेरो जब्त की, पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
राजेंद्रग्राम पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को जब्त कर थाने में खड़ा करवा लिया है। मर्ग कायम कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
सूचना मिलने पर डिंडोरी से मृतक के परिजन राजेंद्रग्राम पहुंचे, जिसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा और पोस्टमॉर्टम कराकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है।