Amarkantak Suicide News, Anuppur Crime News, Banktola Amarkantak, Atul Saket Amarkantak, Anuppur, MP News
अमरकंटक में 22 साल के युवक ने लगाई फांसी : घर की छत में पाइप से लटका मिला शव; प्रेम प्रसंग में तनाव की आशंका, युवती को साथ सूरत ले जाना चाहता था
Thu, Nov 12, 2026
मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले स्थित अमरकंटक नगर के वार्ड नंबर 11 (बैंकटोला) में गुरुवार सुबह एक 22 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान अतुल साकेत पिता स्व. सुंदरलाल साकेत के रूप में हुई है।
सुबह घर की छत में लगी लोहे की पाइप से कपड़े के फंदे पर उसका शव लटका मिला। सूचना मिलते ही अमरकंटक पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया और खुदकुशी के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
सुबह 7 बजे फंदे पर लटका देखा, अस्पताल में मृत घोषित
अमरकंटक थाना प्रभारी केएल बंजारे ने बताया कि बैंकटोला निवासी अतुल साकेत के फांसी लगाने की जानकारी परिजनों को गुरुवार सुबह करीब 7 बजे मिली।
परिजन आनन-फानन में उसे फंदे से नीचे उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) अमरकंटक लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर मर्ग कायम कर लिया है।
प्रेम प्रसंग और सूरत जाने को लेकर तनाव की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच और स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के मुताबिक, मामला प्रेम संबंधों में चल रहे तनाव से जुड़ा हो सकता है। बताया जा रहा है कि अतुल का एक युवती से प्रेम संबंध था और वह युवती पूर्व में उसके साथ गुजरात जा चुकी थी।
शादी के बिना सूरत जाने पर रोक
अतुल के परिजनों ने युवती से शादी किए बिना उसे अपने साथ सूरत ले जाने से मना किया था। सूरत से लौटने के बाद युवती दोबारा अतुल के साथ जाने को तैयार नहीं थी, जबकि अतुल उसे फिर से अपने साथ सूरत ले जाना चाहता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद और तनाव होने की आशंका जताई जा रही है।
एक दिन पहले साथ देखे जाने की चर्चा, पुलिस कर रही हर पहलू की जांच
स्थानीय स्तर पर यह बात भी सामने आई है कि घटना से एक दिन पहले भी अतुल और संबंधित युवती को साथ देखा गया था। हालांकि, पुलिस ने अभी इन तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
थाना प्रभारी केएल बंजारे का कहना है कि केवल कयासों के आधार पर इसे मौत का कारण नहीं माना जा सकता। पुलिस परिजनों और संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।