अनूपपुर में भालू की आमद से दहशत : कॉलोनी की गलियों में घूमते दिखा, देखकर भागे बिजली कर्मी; रातभर अंधेरे में रहे रहवासी
MP CG Times / Wed, Oct 7, 2026
अनूपपुर जिले के जमुना-कोतमा क्षेत्र अंतर्गत स्थित जमुना कॉलोनी में जंगली भालू की लगातार आवाजाही से रहवासियों के बीच भारी दहशत और खौफ का माहौल है। मंगलवार रात कॉलोनी की गलियों में बेखौफ घूम रहे जंगली भालू का वीडियो सामने आने के बाद लोगों की नींद उड़ गई है।
वन्यजीव के हमले के डर से लोग सूरज ढलते ही अपने-अपने घरों के दरवाजे बंद कर अंदर रहने को मजबूर हैं। इस खौफ का असर क्षेत्र की अति-आवश्यक बिजली सेवाओं पर भी पड़ा है।

बिजली ठीक करने पहुंचे थे कर्मचारी, सामने भालू दिखा तो काम छोड़ भागे
घटनाक्रम के अनुसार, मंगलवार रात जमुना कॉलोनी की बिजली व्यवस्था अचानक ठप हो गई थी। अंधेरा छाने के बाद कॉलरी क्षेत्र के बिजली कर्मचारी खराबी (फॉल्ट) सुधारने के लिए मौके पर पहुंचे थे।
अचानक सामने आया भालू
काम के दौरान कर्मचारियों की नजर पास ही घूम रहे भारी-भरकम भालू पर पड़ गई। अपनी जान को खतरा देखकर बिजली कर्मी तुरंत काम बंद कर वहां से लौट गए। कर्मचारियों के वापस लौटने की वजह से पूरी जमुना कॉलोनी रातभर अंधेरे में डूबी रही, जिससे भालू का खतरा और अधिक बढ़ गया।

पहले भी देखा जा चुका है भालू, वन विभाग से गश्त बढ़ाने की गुहार
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कॉलोनी में भालू आने की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार रिहायशी इलाकों में भालू की मौजूदगी दर्ज की जा चुकी है। अंधेरा छाने के साथ भालू की धमक से किसी भी वक्त बड़े हादसे या जनहानि की आशंका बनी रहती है।
आक्रोशित और डरे हुए रहवासियों ने वन विभाग के आला अधिकारियों से तत्काल क्षेत्र में गश्ती दल तैनात करने और भालू को रेस्क्यू कर सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ने की पुरजोर मांग की है।
जनप्रतिनिधियों ने उठाई मांग: वन और बिजली विभाग मिलकर बनाएं सुरक्षा प्लान
मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्व सांसद प्रतिनिधि एवं एचएमएस अध्यक्ष श्रीकांत शुक्ला ने वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से सीधी बातचीत कर संज्ञान लेने को कहा है।
"रिहायशी इलाके में भालू की मौजूदगी आम जनता के साथ-साथ रात में ड्यूटी करने वाले बिजली और कॉलोरी कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा है। वन विभाग को तुरंत स्पेशल टीम बनाकर निगरानी रखनी चाहिए। साथ ही बिजली विभाग के साथ समन्वय बनाकर कॉलोनी की बत्ती जल्द से जल्द बहाल की जाए।"
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन