शहडोल में पत्नी-सास की हत्या करने वाला पति गिरफ्तार : खटिया के पाए से पीट-पीटकर मारा, शवों को ताले में बंद कर गुजरात भागा, जंगल में छिपने पर पुलिस ने दबोचा
MP CG Times / Tue, Oct 13, 2026
मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र के नवागांव में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने मंगलवार को आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी दिनेश रजक ने चरित्र संदेह के चलते अपनी पत्नी और बीच-बचाव करने आई सास की खटिया के पाए से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी थी।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कमरे में बाहर से ताला जड़कर गुजरात भाग गया था, जहां से लौटकर जंगलों में छिपने के दौरान पुलिस ने उसे धर दबोचा।

शादी के 1 साल बाद चरित्र पर शक, बीच-बचाव करने आई सास को भी मार डाला
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी दिनेश रजक की शादी करीब एक साल पहले सीधी जिले के मंझौली की रहने वाली रुचि के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था।
4 अक्टूबर को इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हुआ और दिनेश मारपीट करने लगा। उस दौरान बेटी को लिवाने आई मां सावित्री जब बेटी को बचाने और बीच-बचाव करने पहुंचीं, तो गुस्से में आकर आरोपी ने खटिया का पाया (लकड़ी का खंभा) उठाकर दोनों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आने से मां-बेटी दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

कमरे में लाशें बंद कर गुजरात भागा, बदबू आने पर खुली पोल
दोहरी हत्या करने के बाद शातिर आरोपी ने दोनों के शवों को कमरे के अंदर ही छोड़ दिया और बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया।
4 दिनों तक मकान बंद रहा। 8 अक्टूबर को जब बंद कमरे से उठती तेज बदबू पड़ोसियों तक पहुंची, तो उन्होंने तुरंत गोहपारू पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब ताला तोड़ा, तो अंदर मां-बेटी के क्षत-विक्षत शव बरामद हुए।
गुजरात से लौटकर जंगल में छिपा था, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
वारदात के बाद आरोपी के सुराग तलाशते हुए गोहपारू पुलिस की एक टीम तुरंत गुजरात रवाना हुई थी। हालांकि, पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी वहां से भाग निकला और वापस शहडोल आकर गोहपारू इलाके के घने जंगलों में छिप गया।
मंगलवार को सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाकर घेराबंदी की और आरोपी दिनेश रजक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Tags :
Shahdol Double Murder, Gohparu Shahdol crime news, Dinesh Rajak Shahdol murder, MP Crime News, Shahdol
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन