Shahdol Theft News, Burhar Police Station Shahdol, Chanaudi Village Theft, Hotel Businessman House Theft Shahdol, Shahdol, MP Crime News
शहडोल में कारोबारी के घर में 5 लाख की चोरी : दीवार में छेद कर अंदर घुसे, बच्चों की शादी के लिए रखे सोना-चांदी और कैश ले उड़े चोर
Sat, Nov 14, 2026
मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के बुढ़ार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चनौडी में अज्ञात चोरों ने एक होटल कारोबारी के सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 5 लाख रुपए के माल पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने पुराने मकान की पीछे की दीवार में सेंध (बड़ा छेद) लगाकर घर में प्रवेश किया और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और कैश समेटकर फरार हो गए।
चोरी गया यह सामान परिवार ने बच्चों की शादी के लिए वर्षों से सहेजकर रखा था। वारदात के वक्त परिवार अपने नए मकान में रह रहा था और पुराने घर में ताला लगा हुआ था। सूचना मिलने पर बुढ़ार पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीछे की दीवार में बड़ा छेद देख रिश्तेदार ने दी सूचना
घटना का खुलासा तब हुआ, जब परिवार का एक रिश्तेदार पुराने मकान के पीछे से गुजर रहा था।रिश्तेदार की नजर मकान के पिछले हिस्से की दीवार में बने बड़े छेद पर पड़ी, जिसके बाद उसने तुरंत परिजनों को इसकी जानकारी दी।
परिवार के सदस्य जब पुराने घर पहुंचे और ताला खोलकर अंदर देखा, तो कमरे का पूरा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी के ताले टूटे थे और उसमें रखे गहने व नकदी गायब थे। इसके बाद तत्काल बुढ़ार थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
बच्चों की शादी के लिए रखे थे गहने, 60 हजार कैश भी पार
पीड़िता ऊषा ढिमर (पति चिंतामणि ढिमर) ने बताया कि उन्होंने बच्चों के विवाह के उद्देश्य से पुराने घर की अलमारी में जेवरात और नकदी सुरक्षित रखे थे।
चोरों ने अलमारी से करीब दो तोला सोने के आभूषण, डेढ़ किलोग्राम चांदी के गहने और 60 हजार रुपए कैश चोरी किए हैं।
परिजनों के अनुसार, चोरी हुए कुल सामान की बाजार कीमत करीब 5 लाख रुपए है। इस घटना के बाद से पूरा परिवार सदमे और परेशानी में है।
पुलिस की विशेष टीमें गठित, जल्द खुलासे का दावा
सूचना मिलते ही बुढ़ार थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
बुढ़ार थाना प्रभारी खेम सिंह पेड्रो ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए माल की बरामदगी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगाई गई हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस वारदात का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।