Anuppur News, Anuppur Local Crime News, MP CHO Transfer Scam Anuppur, Dhar Bagh Police Action, Shujalpur Arrest News, Anuppur
अनूपपुर के शातिर ठग की करतूत : CHO का ट्रांसफर कराने का झांसा देकर 3.70 लाख ऐंठे, फर्जी अधिकारी को पुलिस ने शुजालपुर से दबोचा
Sun, Oct 25, 2026
अनूपपुर जिले के एक शातिर ठग ने मध्य प्रदेश के स्वास्थ्य महकमे में तबादले के नाम पर लाखों रुपए की ठगी को अंजाम दिया है। खुद को स्वास्थ्य विभाग का बड़ा अधिकारी बताकर कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHO) का मनचाही जगह ट्रांसफर कराने का झांसा देने वाले अनूपपुर निवासी आरोपी महेंद्र को धार जिले की बाग थाना पुलिस ने शुजालपुर से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 5 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी पर अनूपपुर समेत प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी धोखाधड़ी और जालसाजी के मामले दर्ज हैं।
अनूपपुर का आरोपी, धार और बड़वानी के CHO बने शिकार
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी महेंद्र काफी समय से फर्जी अधिकारी बनकर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को निशाना बना रहा था:
अनूपपुर निवासी आरोपी ने धार जिले के बाग ब्लॉक में पदस्थ सीएचओ अनिता प्रजापत की सहेली गंगा परिहार को फोन किया था। खुद को स्वास्थ्य विभाग का अफसर बताकर उसने रतलाम में तबादला कराने का झांसा दिया।
फोन-पे से मंगाए 3.70 लाख
झांसे में आकर अनिता, उनके पति महेश, गंगा और उनके पति फूलचंद ने 2 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद सोशल मीडिया ग्रुप में जानकारी मिलने पर कुक्षी और बड़वानी के अन्य सीएचओ ने भी 1.70 लाख रुपए भेज दिए। कुल मिलाकर आरोपी ने 3.70 लाख रुपए हड़प लिए।
लिस्ट में नाम न आने पर खुला राज
जब स्वास्थ्य विभाग की आधिकारिक ट्रांसफर लिस्ट जारी हुई और उसमें किसी भी कर्मचारी का नाम नहीं आया, तब कर्मचारियों ने आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की। आरोपी का मोबाइल नंबर बंद मिलने पर उन्हें ठगी का अहसास हुआ, जिसके बाद 20 दिसंबर 2025 को बाग थाने (धार) में शिकायत दर्ज कराई गई।
अनूपपुर, मंदसौर और शाजापुर में भी दर्ज हैं आपराधिक मामले
बाग थाने की सब इंस्पेक्टर प्रमिला जमरे के मुताबिक, आरोपी महेंद्र आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ अनूपपुर, मंदसौर और शाजापुर जिलों के विभिन्न थानों में भी धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है, ताकि ठगी की रकम बरामद की जा सके। इसके अलावा अनूपपुर और आसपास के जिलों में उसके द्वारा किए गए अन्य फर्जीवाड़ों का भी खुलासा होने की संभावना है।