MP News, Balaghat News, Nagpur Robbery, Nagpur Loot Case, 4 Crore Cash Recovered, Dorli Village, बालाघाट न्यूज, नागपुर लूट, मध्यप्रदेश में करोड़ों की नकदी बरामद, जीजा के खेत में कैश
MP में जीजा के खेत के भूसे ने उगले 4 करोड़ : गड्डियों से भरी 3 बोरियां मिलीं, जानिए पुलिस कैसे पहुंची और कहां से आया था कैश
Tue, Nov 24, 2026
महाराष्ट्र के नागपुर में 3.74 करोड़ रुपए की लूट के तार मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के डोरली गांव से जुड़ गए हैं। मंगलवार सुबह नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम एक आरोपी शुभम को लेकर गांव पहुंची।
उसकी निशानदेही पर जीजा अरविंद डहरवाल के खेत में भूसे के ढेर के भीतर छिपाई गई नकदी की तीन बोरियां बरामद की गईं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बरामद रकम 4 करोड़ रुपए से ज्यादा बताई जा रही है। ग्राम पंचायत डोरली में नोटों की गिनती की जा रही है।
जीजा के खेत में भूसे के ढेर में छिपाई थी नकदी
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, आरोपी शुभम ने करीब चार दिन पहले नकदी को तीन बोरियों में भरा था। इसके बाद उसे अपने जीजा अरविंद डहरवाल के खेत में भूसे के ढेर के भीतर छिपा दिया। बताया जा रहा है कि नकदी छिपाने के लिए अरविंद ने खेत में जगह उपलब्ध कराने में मदद की थी।
मंगलवार सुबह नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम शुभम को लेकर डोरली पहुंची। आरोपी की निशानदेही पर खेत में तलाशी ली गई। इस दौरान भूसे के ढेर के भीतर छिपाई गईं तीनों बोरियां मिल गईं। पुलिस ने नकदी बरामद कर उसे ग्राम पंचायत डोरली में रखवाया, जहां नोटों की गिनती की जा रही है।
3.74 करोड़ की लूट से ज्यादा रकम मिलने की चर्चा
नागपुर में हुई लूट की रकम 3.74 करोड़ रुपए थी, लेकिन डोरली में बरामद नकदी 4 करोड़ रुपए से ज्यादा होने की शुरुआती जानकारी सामने आई है। इस अंतर के बाद पुलिस को आशंका है कि आरोपी किसी दूसरी वारदात में भी शामिल हो सकते हैं। हालांकि, बरामद रकम की अंतिम पुष्टि नोटों की गिनती और पुलिस की आधिकारिक जानकारी के बाद ही होगी।
करोड़ों रुपए की नकदी मिलने की खबर फैलते ही गांव और आसपास के इलाकों में लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीण खेत और ग्राम पंचायत के आसपास जमा हो गए। नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है।
18 नवंबर की रात कर्मचारियों से लूटी थी नकदी से भरी कार
नागपुर में 18 नवंबर की रात हथियारबंद बदमाशों ने व्यापारी सुरेश परमार के कर्मचारियों से नकदी से भरी कार लूट ली थी। घटना तुलसी नगर इलाके में हुई थी, जो शांति नगर थाना क्षेत्र से जुड़ा बताया गया है। कार में 3.74 करोड़ रुपए रखे थे।
वारदात के बाद बदमाश कार को कामठी रोड के खैरी इलाके में छोड़कर नकदी लेकर फरार हो गए थे। इसके बाद से नागपुर पुलिस आरोपियों और लूटी गई रकम की तलाश कर रही थी। जांच के दौरान ही इस मामले के तार बालाघाट के डोरली गांव से जुड़े।
जीजा की गिरफ्तारी की चर्चा, पुलिस ने नहीं की पुष्टि
मामले में आरोपी शुभम के जीजा अरविंद डहरवाल को भी गिरफ्तार किए जाने की चर्चा है। बताया जा रहा है कि नकदी छिपाने के लिए अरविंद ने अपने खेत में जगह उपलब्ध कराई थी। हालांकि, उनकी गिरफ्तारी की स्थानीय पुलिस ने पुष्टि नहीं की है।
वारासिवनी पुलिस के मुताबिक, नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम मामले में जांच और आगे की कार्रवाई कर रही है। डोरली पहुंची नागपुर पुलिस की टीम ने फिलहाल बरामद रकम और आरोपियों के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी देने से इनकार किया है।