Gariaband Hospital Negligence, Fingeshwar CHC News, Broken Needle in Body Gariaband, BMO Snehlata Humne Fingeshwar, Gariaband, Chhattisgarh Health News
सरकारी अस्पताल में इंजेक्शन लगाते वक्त टूटी सुई, शरीर में फंसी : गरियाबंद के फिंगेश्वर CHC का मामला, 1 महीने तक दर्द झेलता रहा किसान, एक्सरे कराया तो दिखी 17 MM की नोक
Sat, Nov 28, 2026
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में स्वास्थ्य कर्मियों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां इलाज कराने पहुंचे एक किसान को इंजेक्शन लगाने के दौरान सुई टूटकर शरीर के भीतर ही रह गई। हैरानी की बात यह है कि करीब एक महीने तक किसान इस दर्द से जूझता रहा।
तकलीफ बढ़ने पर जब पीड़ित ने निजी अस्पताल में एक्सरे कराया, तो रिपोर्ट में कमर के नीचे शरीर के हिस्से में करीब 17 एमएम (मिलीमीटर) का मेटल दिखाई दिया। पीड़ित किसान ने अस्पताल प्रबंधन और सीएम हेल्पलाइन में एक्सरे रिपोर्ट के साथ शिकायत दर्ज कराकर जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पत्नी की आंख का इलाज कराने गया था किसान, स्टाफ नर्स ने लगाया था इंजेक्शन
जानकारी के मुताबिक, ग्राम परसदा कला निवासी किसान मनहर दास डाहरिया 26 अक्टूबर को अपनी पत्नी की आंखों की जांच कराने फिंगेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे थे।
अस्पताल पहुंचने पर मनहर दास को भी हाथ-पैर में हल्का दर्द और सर्दी की शिकायत थी। उन्होंने ड्यूटी डॉक्टर को अपनी समस्या बताई, जिस पर डॉक्टर ने दवाइयां लिखने के साथ एक इंजेक्शन लगाने की सलाह दी।
डॉक्टर के परामर्श के बाद ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स ने उन्हें इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगने के बाद सर्दी तो ठीक हो गई, लेकिन जिस हिस्से में सुई लगाई गई थी, वहां लगातार दर्द बना रहा। शुरुआत में किसान ने इसे इंजेक्शन के बाद होने वाला सामान्य दर्द समझकर नजरअंदाज कर दिया।
एक साल में दूसरी बार हुई ऐसी घटना, सीएम हेल्पलाइन में की शिकायत
एक महीने तक लगातार दर्द बने रहने और तकलीफ बढ़ने पर मनहर दास ने निजी अस्पताल में जांच कराने का फैसला किया। वहां एक्सरे कराने पर शरीर के अंदर 17 एमएम का नुकीला धातु का टुकड़ा फंसा होने की पुष्टि हुई।
पीड़ित किसान का आरोप है कि सरकारी अस्पताल में स्टाफ नर्स की लापरवाही से इंजेक्शन की सुई का अगला हिस्सा टूटकर शरीर में रह गया है। उनका यह भी कहना है कि पिछले एक साल के भीतर उनके साथ इस तरह की यह दूसरी घटना हुई है।
जांच के बाद स्पष्ट होगी स्थिति
हालांकि, एक्सरे में दिख रहा मेटल इंजेक्शन की ही सुई है या कुछ और, इसकी आधिकारिक पुष्टि मेडिकल जांच के बाद ही हो सकेगी। पीड़ित ने एक्सरे रिपोर्ट की कॉपी लगाकर अस्पताल प्रबंधन और सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई है।
फिंगेश्वर BMO डॉ. स्नेहलता हूंमने का बयान
"किसान की शिकायत प्राप्त हुई है। एक्सरे की पूरी रिपोर्ट और मेडिकल दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है। रिपोर्ट देखने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।"