Dhamtari Police Viral Video, Sihawa TI Chakradhar Bagh, Nagri Prayer Meeting Controversy, Hindu Jagran Manch Dhamtari, SP Bhawna Pandey Dhamtari, Dhamtari, Chhattisgarh News
प्रार्थना सभा के विरोध पर बवाल, TI ने दी गाली : SI बोले- हर प्रार्थना सभा को सुरक्षा देने का सरकारी आदेश; 4 पुलिसकर्मियों के खिलाफ शिकायत, जानिए SP ने क्या कहा?
Tue, Nov 24, 2026
TI abused during prayer meeting protest in nagri: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के नगरी क्षेत्र में रविवार (22 नवंबर) को एक प्रार्थना सभा के विरोध के दौरान पुलिस और हिंदू संगठनों के बीच जमकर तीखी बहस और हंगामा हो गया। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सिहावा थाना प्रभारी (TI) चक्रधर बाग कथित तौर पर गाली-गलौज करते सुनाई दे रहे हैं।
वहीं, वीडियो में उपनिरीक्षक (SI) गणेश खुटे यह कहते नजर आ रहे हैं कि राज्य सरकार के आदेश के मुताबिक हर प्रार्थना सभा को सुरक्षा दी जाएगी। इस घटनाक्रम के बाद हिंदू जागरण मंच और सकल हिंदू समाज नगरी ने टीआई समेत 4 पुलिसकर्मियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
गहमागहमी के बीच TI बोले- जिसने मारपीट की, उसे गाली दी
जानकारी के मुताबिक, रविवार 22 नवंबर को नगरी में आयोजित एक प्रार्थना सभा का हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने विरोध किया था। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत के दौरान माहौल गरमा गया।
सामने आए वीडियो में सिहावा टीआई चक्रधर बाग गाली-गलौज करते सुनाई दे रहे हैं। जब कार्यकर्ताओं ने अभद्र भाषा का विरोध किया, तो टीआई ने सफाई देते हुए कहा कि
"जिसने मारपीट की है, उसे गाली दी है।"
इस बात को लेकर मौके पर काफी देर तक तनाव और गहमागहमी बनी रही।
इसी दौरान वीडियो में एक पुलिसकर्मी (SI गणेश खुटे) यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि राज्य सरकार के आदेशानुसार हर प्रार्थना सभा को पुलिस सुरक्षा प्रदान की जाएगी।
TI समेत 4 पुलिसकर्मियों पर हाथापाई और उकसाने का आरोप
मामले को लेकर हिंदू जागरण मंच और सकल हिंदू समाज नगरी के पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन को शिकायत सौंपकर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
इन पर लगे आरोप
शिकायत में सिहावा थाना प्रभारी चक्रधर बाग, सहायक उपनिरीक्षक (ASI) चंद्रभान डहरिया, प्रधान आरक्षक गोपी चंद्राकर और उपनिरीक्षक (SI) गणेश खुटे के नाम शामिल हैं।
अभद्रता और उकसाने की शिकायत
हिंदू जागरण मंच के पुरुषोत्तम निषाद और चित्रेश साहू ने आरोप लगाया कि विरोध के दौरान कार्यकर्ताओं के साथ अभद्र व अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया गया। साथ ही पुलिसकर्मियों पर हाथापाई की कोशिश करने और प्रार्थना सभा में शामिल लोगों को उकसाने का आरोप भी लगाया गया है।
ड्यूटी रजिस्टर, CCTV और सरकारी आदेश सार्वजनिक करने की मांग
हिंदू संगठनों ने मांग की है कि वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कराकर संबंधित पुलिसकर्मियों के बयान दर्ज किए जाएं। इसके अलावा घटना के दिन की ड्यूटी, ड्यूटी रजिस्टर, वायरलेस संदेश और आसपास के CCTV फुटेज सुरक्षित रखे जाएं। संगठनों का कहना है कि यदि राज्य सरकार ने प्रार्थना सभाओं को सुरक्षा देने का कोई आदेश जारी किया है, तो उसका प्रशासनिक और कानूनी आधार भी सार्वजनिक किया जाना चाहिए।
धमतरी SP भावना पांडेय का बयान
"मामले को संज्ञान में लिया गया है। किसी प्रार्थना सभा को विशेष संरक्षण देने जैसी कोई बात नहीं है। पुलिस सभी जगह जाकर कानून और सुरक्षा व्यवस्था देखती है, ताकि किसी भी तरह की अशांति न हो। वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।"