भोपाल महिला सुरक्षा
राइड कैंसिल करने पर युवती को भेजीं प्राइवेट-पार्ट की फोटो : रैपिडो ड्राइवर ने गालियां दीं, बोला- तुम हिंदू लड़कियां ऐसी ही होती हो; FIR दर्ज
Fri, Nov 27, 2026
भोपाल में रैपिडो ऑटो चालक ने 22 वर्षीय युवती को वाट्सऐप पर अपने गुप्तांग की तस्वीरें भेजीं। युवती ने हबीबगंज जाने के लिए ऑटो बुक किया था। एक्स्ट्रा किराए को लेकर विवाद होने पर चालक ने उसे रास्ते में उतार दिया। इसके बाद फोन कर परेशान किया और अश्लील तस्वीरें भेजीं।
मामला 20 नवंबर का है। युवती ने पहले बागसेवनिया थाने में शिकायत की थी। पांच दिन तक कार्रवाई नहीं होने पर सीएम हेल्पलाइन में शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
आरोपी की पहचान करोंद निवासी मोहम्मद मुस्तकीन के रूप में हुई है। उसे हिरासत में लिए जाने की जानकारी है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
रास्ता भटकने का हवाला देकर मांगा ज्यादा किराया
युवती बागसेवनिया थाना क्षेत्र में रहती है। उसने हबीबगंज में शॉपिंग के लिए रैपिडो से ऑटो बुक किया था। बुकिंग के बाद चालक ने तय किराए से ज्यादा पैसे मांगे। युवती ने अतिरिक्त पैसे देने से मना किया तो चालक ने रास्ता भटकने का हवाला देकर फिर ज्यादा किराया मांगा।
युवती के विरोध करने पर चालक गाली-गलौज करने लगा। उसने राइड कैंसिल करने का दबाव बनाया। युवती के तैयार नहीं होने पर चालक ने उसे रास्ते में उतार दिया।
फोन कर परेशान किया, धर्म पर की टिप्पणी
युवती के मुताबिक, चालक उसे लगातार फोन करता रहा और वाट्सऐप पर अपने गुप्तांग की तस्वीरें भेजीं। आरोपी ने धर्म को लेकर टिप्पणी करते हुए कहा- 'तुम हिंदू लड़कियां होती ही ऐसी हो।' फोन और आपत्तिजनक तस्वीरें भेजने से युवती मानसिक रूप से परेशान हो गई।
पहले थाने में शिकायत दी, फिर सीएम हेल्पलाइन पहुंची
युवती ने घटना के बाद बागसेवनिया थाने पहुंचकर पुलिस को आवेदन दिया था। उसका आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उसे घर भेज दिया। फोन पर कार्रवाई की जानकारी देने की बात कही थी।
युवती के मुताबिक, पांच दिन से ज्यादा बीतने के बावजूद न तो पुलिस का फोन आया और न ही कार्रवाई की जानकारी मिली।
इसके बाद उसने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत की। शिकायत बागसेवनिया थाने पहुंचने पर पुलिस ने युवती के बयान दर्ज किए और जांच शुरू की।
बजरंग दल कार्यकर्ता भी पहुंचे थाने
पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं होने पर युवती ने जिला भेल बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से संपर्क किया था। उनके सहयोग से वह दोबारा थाने पहुंची। जानकारी मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता भी बागसेवनिया थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
आरोपी के मोबाइल और वाट्सऐप चैट की जांच
आरोपी की पहचान करोंद निवासी ऑटो चालक मोहम्मद मुस्तकीन के रूप में हुई है। उसे हिरासत में लिए जाने की जानकारी है। हालांकि, पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस आरोपी के मोबाइल और वाट्सऐप चैट की जांच कर रही है। इनके जरिए युवती को भेजे गए संदेशों और तस्वीरों से जुड़े डिजिटल साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
एप से गाड़ी बुक करने पर हमारी सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है?
सवाल 1: क्या बच्चों को अकेले बाइक टैक्सी या कैब से भेज सकते हैं?
जवाब:
कंपनियों की शर्तें इसकी इजाजत नहीं देतीं।
रैपिडो:
इसकी सेवा 18 साल से कम उम्र के लोगों के लिए नहीं है। नाबालिग तभी सफर कर सकता है, जब कोई बड़ा सदस्य उसकी देखरेख के लिए साथ हो। इसकी पूरी जिम्मेदारी अकाउंट वाले की होती है।
उबर:
भारत में उबर के नियमों के मुताबिक, कोई व्यक्ति 18 साल से कम उम्र के ऐसे बच्चे के लिए राइड बुक नहीं कर सकता, जिसके साथ कोई बड़ा न हो। ड्राइवर को सवारी नाबालिग लगे तो वह राइड रद्द कर सकता है।
यानी किसी बड़े व्यक्ति के अकाउंट से बुकिंग कर देना बच्चे को अकेले सफर की अनुमति नहीं देता। इंदौर में दादी के अकाउंट से बुकिंग हुई, लेकिन सवारी सिर्फ दो बच्चे थे।
बदसलूकी हो तो तुरंत क्या करें?
एप का SOS बटन दबाएं या पुलिस की इमरजेंसी सेवा 112 पर कॉल करें।
बच्चों के मामले में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर भी मदद मिल सकती है।
ड्राइवर का नाम, गाड़ी नंबर और ट्रिप का स्क्रीनशॉट सेव करें।
रैपिडो की शर्तों में राइड से जुड़ी शिकायत 24 घंटे के भीतर करने को कहा गया है। हालांकि, कंपनी में शिकायत करने में देरी होने से पुलिस में शिकायत करने का अधिकार खत्म नहीं होता।
नाबालिग से छेड़छाड़ के मामले में आरोप की प्रकृति और जांच के आधार पर POCSO एक्ट की धाराएं लग सकती हैं। इसकी धारा 8 के तहत यौन हमला साबित होने पर 3 से 5 साल तक की सजा का प्रावधान है।
सवाल 2: एप से गाड़ी बुक करने पर सिर्फ सफर मिलता है या सुरक्षा की गारंटी भी?
जवाब:
एप से गाड़ी बुक करने पर सुरक्षा की जिम्मेदारी सिर्फ ड्राइवर की नहीं होती। ड्राइवर का पुलिस वेरिफिकेशन, मेडिकल जांच और ट्रेनिंग कराना कंपनी की जिम्मेदारी है।
सफर के दौरान सुरक्षित ड्राइविंग और यात्री के साथ सही व्यवहार की जिम्मेदारी ड्राइवर की है। वहीं, एग्रीगेटर को लाइसेंस देना और नियमों का पालन करवाना राज्य सरकार का काम है।
कंपनियां क्या कहती हैं?
रैपिडो अपनी ग्राहक शर्तों में खुद को सिर्फ 'मध्यस्थ' बताती है। कंपनी के मुताबिक, ड्राइवर उसके कर्मचारी नहीं, बल्कि स्वतंत्र ठेकेदार हैं। ड्राइवर के व्यवहार की जिम्मेदारी कंपनी की नहीं है। उसने अपनी कुल जिम्मेदारी 1,000 रुपए तक सीमित रखी है।
हालांकि, यह शर्त कानून के तहत कंपनी की जवाबदेही को कितना सीमित करती है, यह अलग कानूनी सवाल है।
सरकार के नियम
केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय की जुलाई 2025 की एग्रीगेटर गाइडलाइंस के मुताबिक, ड्राइवर का पुलिस वेरिफिकेशन, मेडिकल जांच और ट्रेनिंग जरूरी है। एप में लाइव लोकेशन शेयरिंग और शिकायत अधिकारी की व्यवस्था भी होनी चाहिए।
भोपाल में भी टैक्सी चालकों ने एप कंपनियों के खिलाफ हड़ताल की थी। परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह से मुलाकात के बाद दोनों टैक्सी यूनियनों ने हड़ताल खत्म कर दी। बैठक में मंत्री ने किराया तय करने के लिए कमेटी बनाने का आश्वासन दिया। इसके अलावा, मंत्री ने प्रदेश में मोटर वाहन अधिकारी 2025 लागू करने की बात भी कही थी।