भूपेश बघेल के स्वागत में स्टंटबाजी, 8 गाड़ियां जब्त : चलती कारों में लटककर युवाओं ने किया खतरनाक स्टंट, वीडियो वायरल
MP CG Times / Sat, Jan 24, 2026
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के स्वागत के दौरान युवाओं द्वारा चलती कारों में स्टंट करने का मामला सामने आया है। शहर के मुख्य मार्गों पर युवक कार की खिड़कियों से लटककर हुड़दंग मचाते नजर आए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
23 जनवरी की शाम पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अंबिकापुर के सरगांव द पैलेस रिसॉर्ट में आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण कथा में शामिल होने पहुंचे थे। उनके स्वागत में शहर के युवाओं ने करीब 15 गाड़ियों का काफिला बनाकर गांधी चौक पर उनका अभिनंदन किया।

शहर में घूमता रहा कारों का काफिला
गांधी चौक से आकाशवाणी चौक और नगर निगम क्षेत्र तक गाड़ियों का काफिला निकला। इसी दौरान कई युवाओं ने गाड़ियों की खिड़कियों से बाहर लटककर स्टंट किए और मोबाइल से वीडियो व रील बनाईं।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में
स्थानीय लोगों ने स्टंटबाजी का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला और सरगुजा पुलिस को टैग किया। वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की।
8 फोर व्हीलर जब्त, अन्य की तलाश जारी
सरगुजा पुलिस ने नंबर के आधार पर 8 चारपहिया वाहन जब्त किए हैं, जिनमें इनोवा, स्कॉर्पियो और अर्टिगा शामिल हैं। अन्य वाहनों और स्टंट करने वाले युवाओं की पहचान की जा रही है।
BNS और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत FIR
पुलिस ने जब्त वाहनों के चालकों के खिलाफ BNS की धारा 125, 281, 285, 3(5) और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत मामला दर्ज किया है। चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
आईजी के निर्देश पर हुई त्वरित कार्रवाई
सरगुजा आईजी दीपक कुमार झा के निर्देश पर कोतवाली थाना पुलिस ने रैली में शामिल वाहनों की पहचान कर कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि कानून तोड़ने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
एसएसपी बोले- स्टंटबाजों पर होगी कड़ी कार्रवाई
सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल ने कहा कि सार्वजनिक सड़कों पर स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेताया कि भविष्य में ऐसे मामलों में और कठोर कदम उठाए जाएंगे।
हाईकोर्ट पहले भी दे चुका है सख्त चेतावनी
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट पहले ही सड़क पर स्टंटबाजी और हुड़दंग को लेकर सख्त रुख अपना चुका है। कोर्ट ने कहा था कि ऐसे कृत्य आम जनता की जान को खतरे में डालते हैं और दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
Tags :
अंबिकापुर स्टंटबाजी, भूपेश बघेल स्वागत, अंबिकापुर कार स्टंट वीडियो, सरगुजा पुलिस कार्रवाई, स्टंटबाजी पर FIR, छत्तीसगढ़ न्यूज़, अंबिकापुर वायरल वीडियो, मोटर व्हीकल एक्ट कार्रवाई, Ambikapur stunts, Bhupesh Baghel welcome, Ambikapur car stunt video, Surguja police action, FIR on stunts, Chhattisgarh news, Ambikapur viral video, Motor Vehicle Act action,
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन