Korba Viral Video School Students, Korbi Dhatura School Korba, Pali Block Korba News, Chhattisgarh Education Department, DEO TP Upadhyay Korba, Korba, CG Crime News
स्कूल यूनिफॉर्म में 2 छात्राओं ने शराब पीकर फूंकी बीड़ी : 5 छात्रों ने पीया गांजा; खुद वीडियो बनाकर किया वायरल, सभी 7 को TC देने का नोटिस
Thu, Nov 19, 2026
school students consuming alcohol and ganja in uniform: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शिक्षा व्यवस्था और अनुशासन पर सवाल खड़े करने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पाली ब्लॉक स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल कोरबी धतूरा के 7 छात्र-छात्राओं का स्कूल यूनिफॉर्म में नशा करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
वीडियो में कक्षा 9वीं की दो छात्राएं शराब पीने के बाद बीड़ी पीती और गाली-गलौज करती नजर आ रही हैं, जबकि पांच छात्र स्कूल ड्रेस में गांजा पीते दिखाई दे रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि छात्राओं ने खुद ही इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। मामला सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी 7 विद्यार्थियों को ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC) देने के लिए नोटिस जारी किया है।
'हेलो गाइज, हम स्कूल से भागकर आ गए हैं'- वीडियो में बोली छात्रा
बताया जा रहा है कि वायरल हो रहा यह वीडियो 14 नवंबर का है। उस दिन ये सभी विद्यार्थी स्कूल समय में पढ़ाई छोड़कर बाहर चले गए थे। वीडियो में छात्राएं बेखौफ होकर नशा करने की बात स्वीकार करती दिख रही हैं।
वायरल वीडियो के बोल
वीडियो रिकॉर्ड करते हुए एक छात्रा कह रही है,
"हेलो गाइज, हम स्कूल से भागकर आ गए हैं। मेरी साथी ने ज्यादा नशा किया है, मैंने थोड़ा कम नशा किया है। पूरा गांव और स्कूल जानता है कि हम सिगरेट पीते हैं।"
जानकारी के मुताबिक, वीडियो में दिख रहे सभी 7 बच्चे स्कूल के आसपास के गांवों के ही रहने वाले हैं।
प्रिंसिपल ने बुलाई पेरेंट्स की बैठक, DEO को भेजा पत्र
वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। स्कूल प्रबंधन ने तत्काल शाला प्रबंधन समिति (SMC) और संबंधित बच्चों के अभिभावकों की आपात बैठक बुलाई।
7 बच्चों को TC का नोटिस
स्कूल के प्रिंसिपल बलभद्र सिंह ने बैठक में पेरेंट्स को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया और अनुशासनहीनता के चलते 2 छात्राओं व 5 छात्रों को टीसी जारी करने का नोटिस थमाया।
DEO ने नहीं उठाया फोन
प्रिंसिपल ने इस पूरे मामले की लिखित सूचना जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को भी पत्र के माध्यम से भेज दी है। वहीं, इस गंभीर मामले में पक्ष जानने के लिए जब जिला शिक्षा अधिकारी टीपी उपाध्याय से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो कई बार कॉल करने के बावजूद उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
अभिभावकों में नाराजगी, स्कूल के बाहर भी निगरानी की मांग
इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय अभिभावकों और ग्रामीणों में खासी नाराजगी है। पेरेंट्स का कहना है कि स्कूल समय के दौरान बच्चे बाहर कैसे निकल गए, यह स्कूल प्रबंधन की बड़ी चूक है। स्कूल परिसर के भीतर अनुशासन बनाए रखने के साथ-साथ स्कूल समय में बाहर घूमने वाले बच्चों पर भी सख्त निगरानी रखने की जरूरत है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी क्षेत्र के छात्र-छात्राओं ने जिला कलेक्टर से जिला शिक्षा अधिकारी की कार्यप्रणाली और लापरवाही को लेकर शिकायत की थी। फिलहाल स्कूल प्रबंधन और शिक्षा विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।