छत्तीसगढ़स्लाइडर

Ayodhya ram mandir inauguration: ‘राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में शामिल नहीं होगी कांग्रेस’; बीजेपी बोली- उजागर हो गया रामविरोधी चेहरा

Ayodhya ram mandir inauguration: अयोध्या राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण कांग्रेस की ओर से ठुकराने पर छत्तीसगढ़ बीजेपी ने तंज कसा है। भाजपा ने निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस का राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में नहीं जाने का फैसला इस बात का सबसे बड़ा स्पष्ट प्रमाण है कि वह राम विरोधी है।

एक ओर पूरा देश अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बनने से पुलकित और उत्साहित है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस निराश है। राम-द्रोही कांग्रेस को देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने  कहा कि प्रभु श्रीराम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में कांग्रेस के नेताओं के नहीं जाने के निर्णय से यह बात आईने की तरह साफ हो गई है कि कांग्रेस भगवान श्रीराम के प्रति क्या सोच रखती है?

भगवान श्रीराम के मंदिर निर्माण आंदोलन से लेकर मंदिर निर्माण और अब प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस ने कदम-कदम पर हमेशा अपने राम-विरोधी और सनातन विरोधी होने का शर्मनाक प्रदर्शन किया है।

राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम के निमंत्रण को कांग्रेस की ओर से ठुकराए जाने से यह बात एक बार फिर सिद्ध हो गई है कि कांग्रेस ने राम मंदिर निर्माण के मार्ग में रोड़ा बनने का काम ही किया।

‘भगवान श्रीराम मंदिर दुनिया के कई देशों की आस्था का विषय’ 

श्रीवास्तव ने कहा कि भगवान श्रीराम मंदिर का निर्माण कोटि-कोटि भारतीयों ही नहीं, बल्कि दुनिया के अनेक देशों की आस्था का विषय रहा है, लेकिन ऐसे समय में भी भारतीय होने के बावजूद मंदिर निर्माण पूर्ण नहीं होने जैसे कुछ अनर्गल आरोप लगाकर कांग्रेसियों ने अपना असली सनातन विरोधी राजनीतिक चरित्र प्रदर्शित कर दिया है।

कांग्रेस के लिए यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि भगवान राम जी के प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में भी राजनीतिक सोच की दरिद्रता से उबर नहीं पा रही है।

संदीप शर्मा बोले- कांग्रेस का सनातन विरोधी चेहरा बेनकाब

वहीं प्रदेश प्रवक्ता संदीप शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का सनातन विरोधी चेहरा बेनकाब हो गया है। कांग्रेस का राम-द्रोही चेहरा अब खुलकर सामने आया है। छत्तीसगढ़ के जो कांग्रेसी अपने भांचा श्रीराम के प्रति अगाध श्रद्धा रखते हैं। शर्मा ने उन सबसे यह आग्रह किया है कि वे सब लोग ऐसी पार्टी का साथ छोड़ दें, जिसकी आस्था श्रीराम के प्रति नहीं है।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ के भाँचा राम को मानने वाले कांग्रेसी प्रभु श्रीराम की शरण में जाएँ, या फिर यह साफ करें कि उनकी आस्था क्या सोनिया-दरबार के प्रति है?

शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल भाजपा समेत तमाम धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतित संस्थाओं के कार्यकर्ता घर-घर जाकर पीले अक्षत व भगवान श्रीराम के चित्र का वितरण करके छत्तीसगढ़ के सभी मंदिरों और घर-घर में पूजा-पाठ, कीर्तन, दीप प्रज्जवलन कर इस कार्यक्रम को भव्य और चिरस्मरणीय बनाने की तैयारियों में जुटे हुए हैं।

Show More
Back to top button