नक्सलियों से मुठभेड़ के बाद बरामद हुआ सामान।
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
ख़बर सुनें
विस्तार
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद से लगते ओडिशा बॉर्डर पर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से हुई फायरिंग में जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली भाग निकले। इसके बाद जवानों ने मौके पर सर्च ऑपरेशन चलाया। इसमें नक्सली वर्दी सहित अन्य सामान बरामद हुआ है। ओडिशा के नुवापाड़ा एसपी ने मुठभेड़ की पुष्टि की है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को ओडिशा बॉर्डर पर नक्सलियों के जमावड़े की सूचना मिली थी। इसके बाद SOG (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) और CRPF 216 बटालियन के जवान तीन दिन पहले नक्सल ऑपरेशन पर निकले थे। जवान छत्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर पर पहुंचे थे कि नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी।
ओडिशा के ताराझर जंगल में छिपे नक्सलियों का जवानों ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया। थोड़ी देर चली फायरिंग के बाद नक्सली जंगल का फायदा उठाकर भाग निकले। उनके भागने के बाद जवानों ने जंगल में सर्चिंग ऑपरेशन चलाया। इसमें नक्सली साहित्य, वर्दी और दवाइयां सहित अन्य सामान मिला है। जवान उसे लेकर कैंप लौट आए हैं।