MP News: इस रेलवे स्टेशन पर महिला ने दिया बच्चे को जन्म, परिजनों के साथ भोपाल जा रही थी प्रसूता

दमोह: रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म एक पर सोमवार सुबह एक गर्भवती महिला ने बच्चे को जन्म दिया। बताया जा रहा है कि महिला अपने परिजनों के साथ दमोह से भोपाल जाने के लिए स्टेशन पर पहुंची थी, लेकिन इसी दौरान उसे प्रसव पीड़ा होने लगी. महिला ने स्टेशन के ही बाथरुम में एक बच्चे को जन्म दिया।
तत्काल महिला को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल प्रसूता और नवजात दोनों ही स्वस्थ हैं।
जानकारी के अनुसार महिला जबलपुर जिले के कटंगी थाना क्षेत्र के कांटी गांव की है। इमरतीबाई पति छोटू (32 वर्ष) अपनी दो बहनों के साथ भोपाल जा रही थी। सभी लोग सुबह 3 बजे स्टेशन पर पहुंच गए थे, लेकिन ट्रेन निकल गई।
इसके बाद सुबह करीब 6 बजे इमरतीबाई को प्रसव पीड़ा होने लगी। स्टेशन पर मौजूद लोगों की भीड़ को देखते हुए तत्काल परिजन महिला को प्लेटफार्म पर बने बाथरुम में ले गए। जहां पर महिला की डिलेवरी हुई।
जीआरपी पुलिस को सूचना मिली तो महिला पुलिसकर्मी भी महिला के पास पहुंची और 108 वाहन को सूचना दी। बाद में एंबुलेंस से तत्काल ही महिला को जिला अस्पताल ले जाया गया।
जहां पर उसका इलाज शुरू किया गया। महिला ने एक स्वस्थ्य बच्चे को जन्म दिया है और जिला अस्पताल में जच्चा एवं बच्चा दोनों स्वस्थ्य हैं।