

धरने को संबोधित करते पूर्व सीएम रमन सिंह
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
ख़बर सुनें
विस्तार
छत्तीसगढ़ भाजपा राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में चौपाटी का विरोध कर रही है। इस निश्चितकालीन धरने को समर्थन देने राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय शुक्रवार को साइंस कॉलेज धरना स्थल पर पहुंची। पूर्व मंत्री राजेश मूणत के नेतृत्व में हो रहे इस धरने का समर्थन दिया। सरोज पांडेय ने कहा कि साइंस कॉलेज में स्मार्ट सिटी की ओर से यह चौपाटी बनाई जा रही है, जिसका लगातार विरोध पूर्व मंत्री राजेश मूणत कर रहे हैं। भाजपा इसका लगातार विरोध करेगी, जब तक यह चौपाटी नहीं हटती तब तक विरोध प्रदर्शन अनिश्चितकालीन के लिए चलता रहेगा।
चौपाटी हटाने 24 घंटे भाजपा कार्यकर्ता डटे रहेंगे
वहीं राजेश मूणत ने कहा है कि अवैध चौपाटी हटाने 24 घंटे भाजपा कार्यकर्ता डटे रहेंगे। साफ नियत और सही दिशा में किए गए जनकार्य को जनता का समर्थन मिलना स्वाभाविक है। यह लड़ाई हमारी निजी लड़ाई नहीं है। हम तो उस व्यवस्था के खिलाफ अनिश्चितकालीन धरने पर हैं, जो गैर कानूनी है, जो अवैध है। इस शिक्षण परिक्षेत्र में निर्माण के नियम को धता बता कर किया जा रहा निर्माण कांग्रेसी महापौर और प्रदेश सरकार की दूषित नियत को दर्शाता है।
मूणत ने कहा- लंबी चलेगी लड़ाई
मूणत ने कहा है कि यह धरना निरंतर जारी रहेगा। हमें कार्यकर्ताओं एवं अन्य लोगों का जो समर्थन मिल रहा है, वह हमारे लिए ऊर्जा का कार्य कर रहा है। महापौर और कांग्रेस सरकार मेरी बात गांठ बांध लें ये लड़ाई लंबी चलेगी और कोई दोषी बक्शा नहीं जाएगा। सबका नम्बर आएगा। मूणत ने चौपाटी के विरोध में सड़क से लेकर अदालत तक की लड़ाई शुरू कर दी है। स्मार्ट सिटी की ओर से 6 करोड़ की लागत से चौपाटी का निर्माण किया गया है। यह चौपाटी लगभग बनकर तैयार है।