MP News: सूदखोर ने महिला को 5 लाख रुपये का दिया कर्ज, अब मांग रहा डेढ़ करोड़…

भोपाल: एक महिला ने सूदखोर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उसने बताया कि 5 लाख रुपये देकर डेढ़ करोड़ रुपये मांग रहा है। आरोपी सूदखोर का कहना है कि महिला ने 50 लाख से ज्यादा का कर्ज लिया। अब महिला पैसा नहीं देना चाहती है इसलिए झूठी शिकायत कर रही है।
जानकारी के अनुसार 32 वर्षीय स्वाति रघुवंशी मीनाल रेसीडेंसी में रहती है। उन्होंने शिकायत की कि छोला निवासी रितेश पांडे ने दिसंबर 2021 में पांच लाख रुपये का कर्ज दिया था। इसके बदले दो प्रतिशत ब्याज प्रति माह देना था। जिसे वह लौटा रही थी।
इसके बाद रितेश ने कर्ज की राशि बढ़ाकर 30 लाख रुपये कर दी और दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी करवा लिए। अब तक 50 लाख से ज्यादा वसूल कर चुका है। अब वह डेढ़ करोड़ रुपये मांग रहा है।
साथ ही धमकी भी देता है। महिला का कहना है कि आरोपी सूदखोर अब पति और बच्चों को अगवा करने और जान से मारने की धमकी दे रहा है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, इस मामले में आरोपी रितेश पांडे का कहना है कि महिला झूठी शिकायत कर रही है। उसने 45 लाख रुपये कर्ज लिया। वह 5 लाख रुपये बता रही है। महिला बाद में बैक खाते में रुपये जमा करती थी और नगद ले जाती थी। अब वह रुपये देना नहीं चाहती है। इसलिए झूठी शिकायत कर रही है।